वाराणसी शहर दक्षिणी विधायक का रिपोर्ट कार्ड : विकास की बड़ी परियोजनाओं के बीच केवल तात्कालिक मूलभूत समस्याएं
भाजपा विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने वाराणसी दक्षिणी क्षेत्र में पिछले 4-5 वर्षों के विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत ...और पढ़ें

वाराणसी दक्षिणी में विकास की गाथा विधायक नीलकंठ तिवारी का रिपोर्ट कार्ड।
HighLights
विधायक ने 4-5 वर्षों के विकास कार्यों का ब्यौरा दिया।
सड़क, सीवर, स्वास्थ्य, शिक्षा में हुए कई बड़े काम।
कुछ तात्कालिक समस्याओं और विपक्ष के आरोपों का भी जिक्र।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक पूर्व मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी हैं। प्राचीन काशी और गंगा के किनारे फैले इस क्षेत्र में कई बड़ी परियोजनाओं समेत सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, विद्यालय भवन, गली से जुड़े विकास कार्य पिछले चार-पांच वर्षों में लोगों को मिले हैं। इसकी लंबी फेहरिस्त है। घनी आबादी होने के नाते सीवर-नाली जाम, गलियों में पत्थर टूटने आदि तात्कालिक समस्याएं आती रहती हैं।
इस क्षेत्र में कज्जाकपुरा रेलवे क्रासिंग पर बना आरओबी दक्षिणी को सारनाथ से सीधे जोड़ता है। शहर के लिए यह लाइफलाइन साबित हुआ है। टाउनहाल, बेनियाबाग अंडरग्राउंड पार्किंग बड़ी राहत प्रदान कर रही है। क्षेत्र के 24 वार्ड में दशाश्वमेध वार्ड, विंदुमाधव, कालभैरव, चेतगंज, पिशाचमोचन, सूर्यकुंड, पियरी कला वार्ड की सभी गलियों में सीवर, पानी की पाइप आवश्यकतानुसार बदल दी गई है।
आदिविश्वेश्वर वार्ड, गोला दीनानाथ, बागेश्वरी देवी, प्रह्लादघाट, घसियारी टोला, राजघाट, ईश्वरगंगी में कार्य पूरे होने वाले हैं। 31 पार्कों का कायाकल्प हो गया है। भारतेंदु उद्यान समेत चार पार्क का निर्माण चल रहा है। मच्छोदरी पार्क के सुंदरीकरण का डीपीआर तैयार है। 17 प्राथमिक व जूनियर हाईस्कूल को जरूरत के अनुसार कायाकल्प हुआ है।
स्मार्ट सिटी से बना मच्छोदरी व राजघाट स्कूल माडल बने हैं। प्रबंधकीय व संस्कृत विद्यालयों को विधायक निधि से 10 किलोवाट के सोलर पैनल लगाने के लिए धन देंगे। पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, महिला चिकित्सालय कबीरचौरा व एक आयुष्मान आरोग्य केंद्र का कायाकल्प हुआ।
किराये के भवनों में चलने वाले स्वास्थ्य केंद्रों के अब अपने भवन हो गए। जैतपुरा में अस्पताल के साथ प्रसव केंद्र कार्य कर रहा है। दुर्गाकुंड में डायलिसिस और फिजियोथेरेपी, महिला अस्पताल में एमसीएच विंग बना। एमएनसीयू का निर्माण चल रहा है। मंडलीय चिकित्सालय सुपर स्पेशियलिटी निर्माण क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बनेगी।
बोले विधायक
क्षेत्र में 42 छोटे-बड़े नलकूप लगे। ईश्वरगंगी व जैतपुरा क्षेत्र में सीवर की समस्या के स्थाई निदान के लिए 18 करोड़, कोनिया में चार करोड़ से काम चल रहा है। क्षेत्र के सभी कुंडों का जीर्णोद्धार हो चुका है। 100 महत्वपूर्ण स्थलों पर वाटर कूलर लगाया गया है। श्री महामृत्युंजय, श्री कालभैरव, ओंकारेश्वर महादेव, दुर्गाकुंड, आदिकेशव, बड़ागणेश, बनकटी हनुमान, आदि के पहुंच मार्ग दुरुस्त हुए।
इन सब के बीच क्षेत्र में कबीरनगर संजय शिक्षा निकेतन से पावरहाउस होते मानस मंदिर, मानस नगर एक्सटेंशन जाने वाली सड़क कई वर्ष से खराब है। शंकुलधारा पोखरा में मर रही मछलियां, शाकंभरी चौराहे पर जाम, दुर्गाकुंड के आसपास शौचालय, अस्सी नदी, बंदरों का आतंक जैसी समस्या बनी हुई है। जहां भी समस्या का पता चलता है तो उसका आकलन कर योजनाबद्ध तरीके से दूर किया जाता है।
93 इंटरलाकिंग, सीसी रोड, स्मार्ट क्लास, मार्ग प्रकाश, विद्युत कार्य आदि पूरे हुए हैं। निधि से 12 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। कुछ कार्य पाइप लाइन में हैं उनके लिए धन की कमी नहीं है। डिजिटल लाइब्रेरी, बैटमिंटन कोर्ट, यूनिटी माल भी प्रमुख हैं। जर्जर स्कूलों के जीर्णोद्धार की योजना है। कोनिया की सड़क पर सीवर कार्य पूर्ण होते ही निर्माण होगा।
प्रह्लादघाट व कृतिवाशेश्वर वार्ड के सीवर व पेयजल की पाइप बदलने का कार्य 56 करोड़ से इसी माह शुरू होगा। विधायक का कहना है कि मैं स्वयं प्रत्येक वर्ष क्षेत्र में 76 दिवसीय वार्ड प्रवास के दौरान लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं, जरूरतों को जानकारी लेता हूं और दूर करता हूं। -डा. नीलकंठ तिवारी, विधायक-शहर दक्षिणी।
बोले रनरअप
प्रधानमंत्री का क्षेत्र होने के नाते विकास के लिए पैसे की कोई कमी नहीं है लेकिन विकास के नाम पर बंदरबांट किया जा रहा है। पुराने पत्थर जो फिसलने से रोकते थे उसे उखाड़ दिए गए। गुणवत्ताविहीन आरसीसी सड़क बना दी गई। चूहा नियंत्रण और नाली प्रबंधन का कार्य नहीं हुआ। एक ही सड़क बार-बार बन रही है। गंगा सफाई के नाम पर भी फर्जीवाड़ा करने से बाज नहीं आ रहे हैं। रोपवे क्षेत्र की सूरत बर्बाद कर दिया। -किशन दीक्षित-उपविजेता।
बोली जनता
क्षेत्र में गली, सीवर, बिजली आदि की समस्या होने पर उसे विधायक तक पहुंचने भर की देरी होती है। जैसे ही उन तक बात पहुंचती है उसका तुरंत समाधान कराया जाता है। मोहल्लेवासियों को काफी राहत मिली है। -शिवानंद मिश्रा, पंचईतिया कुआं।
राजघाट वार्ड में सीवर व गली का मरम्मत कार्य बारिश से पहले पूरा होने से बड़ी राहत मिली है। साथ ही क्षेत्र की अन्य गलियों, पार्कों आदि की व्यवस्था में बहुत सुधार हुआ है। डा. नीलकंठ तिवारी स्वयं संज्ञान लेते हैं। - सचिन कुमार मौर्या, भदऊ चुंगी।
शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों ने तस्वीर बदल दी है। लोगों को बेहतर सुविधाएं, मजबूत आधारभूत ढांचा और प्रगति की नई दिशा देखने को मिली है। इससे जीवन स्तर में सुधार हुआ है। -रिशु गुप्ता, मुकीमगंज।
पिछले चार-पांच वर्षों में विकास की ओर बढ़ते कदम ने जन सुविधाओं का निरंतर विस्तार हुआ है। बढ़ती आबादी को देखते हुए ये सुविधाएं शहर की गतिशीलता को बढ़ाने के लिए जरूरी और सामयिक हैं। -अज्जू मद्धेशिया, आदमपुर।
शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र
-317793-कुल मतदाता।
-173544-पुरुष मतदाता।
-144222--महिला मतदाता
