वाराणसी में फिटनेस नहीं कराने पर 121 बसों का पंजीयन निलंबित, स्कूल प्रबंधन को नोटिस
वाराणसी में परिवहन विभाग ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 121 बसों का पंजीयन निलंबित कर दिया ...और पढ़ें

वाराणसी में स्कूली बसों की सुरक्षा पर सख्त कार्रवाई, 121 बसों का पंजीयन निलंबित।
HighLights
वाराणसी में 121 स्कूली बसों का पंजीयन सुरक्षा कारणों से निलंबित।
परिवहन विभाग ने फिटनेस मानकों पर खरा न उतरने पर की कार्रवाई।
15 दिनों में फिटनेस न कराने पर स्कूल प्रबंधन पर होगा मुकदमा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। स्कूली बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले स्कूल प्रबंधनों पर परिवहन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। स्कूली बसों का फिटनेस न कराने और मानकों पर खरा नहीं उतरने पर परिवहन विभाग ने 121 स्कूली बसों का पंजीयन निलंबित कर दिया है। साथ ही संबंधित स्कूल प्रबंधन को चेतावनी नोटिस भी जारी किया है। 15 दिन के अंदर बसों का फिटनेस नहीं कराने पर उनका पंजीयन निरस्त कर दिया जाएगा।
परिवहन आयुक्त ने अपने अधिकारियों से साफ कह दिया है कि फिटनेस फेल बसों से बच्चों का संचालन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिटनेस फेल और पंजीयन निलंबित बसों से बच्चों को ढोते हुए मिली तो स्कूल प्रबंधन के खिलाफ स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज कराएं। परिवहन कार्यालय में करीब 2732 स्कूली बसें पंजीकृत हैं। इनमें से 212 बसों का फिटनेस फेल है।
विभाग का मानना है कि फिटनेस फेल होने के बाद भी कुछ बसों के संचालन होने के मामले सामने आए हैं। इसे देखते हुए परिवहन अधिकारियों ने स्कूलों की निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारी एक-एक स्कूल का स्थलीय निरीक्षण कर रहे हैं। स्कूल परिसर में पहुंचकर बसों की स्थिति देखी जा रही है और यह भी जांचा जा रहा है कि फिटनेस फेल बसों का संचालन तो नहीं किया जा रहा है। अधिकारियों की टीम बसों के कागजात और फिटनेस की स्थिति भी जांच रही है।
