काशी में नवरात्र में रियल एस्टेट को मिली रफ्तार, इस बार फिर 300 करोड़ पार कर सकता है कारोबार
वाराणसी में नवरात्र के दौरान रियल एस्टेट बाजार में 35-40% की तेजी देखी जा रही है, जिससे इस त्योहारी सीजन ...और पढ़ें

काशी में नवरात्र पर रियल एस्टेट बाजार में उछाल, 300 करोड़ के पार कारोबार की उम्मीद।
HighLights
नवरात्र में वाराणसी रियल एस्टेट में 35-40% बिक्री वृद्धि।
एयरपोर्ट-रिंग रोड पर फ्लैट्स, गंजारी-राजातालाब में प्लॉट्स की मांग।
इस त्योहारी सीजन में 300 करोड़ रुपये का कारोबार अनुमानित।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। नवरात्र में नए घर का सपना पूरा करने के लिए बनारस में फ्लैट और प्लाट की बुकिंग बढ़ी है। कोई परिवार के साथ फ्लैट देखने पहुंच रहा है तो कोई निवेश के लिए जमीन तलाश रहा है। त्योहार पर संपत्ति खरीदने की परंपरा के बीच इस बार रियल एस्टेट बाजार में तेजी दिख रही है।
कारोबारियों के अनुसार, पिछले साल मध्य पूर्व में चल रही लड़ाई के कारण बाजार में गिरावट थी लेकिन इस बार बिक्री में 35 से 40 प्रतिशत तक उछाल देखा जा रहा है। एयरपोर्ट और रिंग रोड के आसपास फ्लैटों की मांग बढ़ी है, जबकि गंजारी और राजातालाब क्षेत्र में प्लाट खरीदने में लोग दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
एयरपोर्ट-रिंग रोड पर फ्लैटों की मांग
शहर के भीतर जमीन और मकान की बढ़ती कीमतों के बीच एयरपोर्ट और रिंग रोड के आसपास फ्लैट खरीदना लोगों को किफायती विकल्प लग रहा है। दो और तीन बेडरूम वाले फ्लैटों की मांग बढ़ी है। बाहर से बनारस आने वाले लोग भी इन क्षेत्रों में घर तलाश रहे हैं। उनके लिए शहर के भीतर जमीन लेकर मकान बनवाने के मुकाबले फ्लैट खरीदना कम खर्चीला पड़ रहा है। यहां रहने और निवेश, दोनों के उद्देश्य से ग्राहक संपत्ति खरीद रहे हैं।
गंजारी-राजातालाब में प्लाट की बढ़ी मांग
गंजारी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनने के बाद राजातालाब क्षेत्र में जमीन और प्लाट की मांग बढ़ी है। गंजारी और आसपास के क्षेत्रों में विकास गतिविधियों के चलते लोग जमीन खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं। वर्ष 2025 में वाराणसी विकास प्राधिकरण की ओर से गंजारी के पास करीब 150 एकड़ में टाउनशिप विकसित करने की योजना को मंजूरी दी गई थी।
इस बार फिर 300 करोड़ पार कर सकता है कारोबार
वर्ष 2024 के धनतेरस पर बनारस में रियल एस्टेट का कारोबार करीब 300 करोड़ रुपये रहा था। वर्ष 2025 में बाजार सुस्त रहा और धनतेरस पर संपत्तियों की रजिस्ट्रियों में कमी आई। कारोबारियों के मुताबिक, इस बार बिक्री में 35 से 40 प्रतिशत तक उछाल है। जिससे इस त्योहारी सीजन में कारोबार के फिर एकबार 300 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार करने की उम्मीद है।
त्योहार पर बुकिंग, तैयार फ्लैटों का पजेशन
नवरात्र और धनतेरस पर ग्राहक शुभ मुहूर्त में संपत्ति की बुकिंग करा रहे हैं। तैयार फ्लैट खरीदने वाले परिवार पजेशन लेकर गृह प्रवेश की तैयारी कर रहे हैं। कारोबारियों के मुताबिक, त्योहार के दौरान बुकिंग और रजिस्ट्री की गतिविधियां बढ़ी हैं।
इस बार रजिस्ट्रियों में 35 से 40 प्रतिशत उछाल की उम्मीद
वर्ष 2024 के धनतेरस पर बनारस में 457 संपत्तियों की रजिस्ट्री हुई थी, जबकि 2025 में 325 संपत्तियां रजिस्टर्ड हुईं। यानी पिछले साल रजिस्ट्रियों की संख्या में करीब 29 प्रतिशत की कमी आई थी। जबकि इस बार कारोबारियों को नवरात्र और धनतेरस के दौरान रजिस्ट्रियों में 35 से 40 प्रतिशत बढ़ोतरी की उम्मीद है।
घर की लक्ष्मी के नाम भी खरीद रहे संपत्ति
वर्ष 2024 के धनतेरस पर हुई 457 रजिस्ट्रियों में 135 संपत्तियां महिलाओं और 322 पुरुषों के नाम रजिस्टर्ड हुई थीं। वर्ष 2025 में 325 संपत्तियां रजिस्टर्ड हुईं, जिनमें करीब 70 प्रतिशत महिलाओं के नाम थीं। महिलाओं के नाम संपत्ति की रजिस्ट्री कराने पर स्टांप शुल्क में एक प्रतिशत की छूट मिलती है।
