बोले मनोज तिवारी, 2019 चुनाव से पूर्व ही शुरू होगा राम मंदिर का भव्य निर्माण
अयोध्या में राम मंदिर अब नहीं बना तो जनता का विश्वास भाजपा से उठेगा जो देश हित में नही होगा इसलिए 2019 चुनाव से पहले हर हाल में राम मंदिर निर्माण शुरू होगा।
वाराणसी, जेएनएन। रोहनिया में मंगलवार को भाजपा सांसद व नई दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने जोर देकर कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के चलते पांच राज्यों के चुनाव में राजस्थान सहित सभी राज्यों में भाजपा सरकार बनना सुनिश्चित है। यदि अयोध्या में राम मंदिर अब नहीं बना तो फिर जनता का विश्वास भाजपा से उठेगा और जो देश हित में नही होगा इसलिए हर हाल में 2019 चुनाव से पहले हर हाल में राम मंदिर निर्माण शुरू होगा।
काशी में मनोज तिवारी
उक्त बातें सांसद मनोज तिवारी जनपद के रोहनिया क्षेत्र के दरेखू में एक कपड़े के प्रतिष्ठान में चल रहे बृहद टेक्सटाइल्स मेले में भाग लेने आने के दौरान एक पत्रकार वार्ता में कहा। एक प्रश्न के जवाब में मनोज तिवारी ने कहा कि अगर कोर्ट जनवरी से राम मंदिर सुनवाई की तारीख को आगे बढ़ाता है तो सरकार अन्य विकल्पों पर गंभीरता से विचार कर हर हाल में मंदिर निर्माण चुनाव से पहले शुरू कराएगी।
काशी का हाे रहा विकास
बोले कि आज पीएम की सोच के अनुरूप काशी का विकास हो रहा है आज यहां आने वाले साउथ के कई विकसित शहरों से काशी की तुलना करते हैं। अब पूर्वांचल में भोजपुरी भाषा पर एक बृहद कार्यक्रम आयोजित करने का विचार चल रहा है जिसके बाद भोजपुरी भाषा की पहचान भी अंतर्राष्ट्रीय रूप में हो जायेगी।कहा कि आज दरेखू में आयोजित इस टेक्सटाइल्स मेले में देश के करीब चार हजार व्यापारी भाग ले रहे हैं जिस कारण करीब 20 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। यह भी काशी की पहचान है कि काशी अब देश में टेक्सटाइल्स हब के रूप में पहचाना जायेगा। यही है मोदी जी के बदलते काशी का नजरिया। आगे अन्य सेक्टरों के भी इस तरह के मेलों का आयोजन काशी में जल्द ही होगा ताकि लोगों को रोजगार मिले।