DDU-Patna Rail Section पहली बार 130 किमी की रफ्तार से दौड़ी राजधानी एक्सप्रेस
दानापुर मंडल के अंतर्गत पटना-डीडीयू मेन लाइन पर अधिकतम 130 किमी प्रति घंटा की गति के साथ रेल परिचालन की शुरुआत की गई।
गाजीपुर, जेएनएन। आखिरकार लंबी कवायद के बाद पटना-डीडीयू रेल खंड पर पहली बार 130 किमी की गति से मंगलवार की रात विशेष राजधानी एक्सप्रेस (02309) दौड़ी। इसके साथ ही दानापुर मंडल के अंतर्गत पटना-पंडित दीनदयाल उपाध्याय जं.(डीडीयू) मेन लाइन पर अधिकतम 130 किमी प्रति घंटा की गति के साथ रेल परिचालन की शुरुआत की गई। विगत दिनों झाझा-पंडित दीनदयाल उपाध्याय जं. रेलखंड पर सफलतापूर्वक 130 किमी प्रति घंटे की गति के साथ ट्रायल किया गया था। अब दिल्ली जाने वाले यात्री कम समय में तीव्र गति से अपनी यात्रा पूरी कर सकेंगे।
राजेंद्र नगर पटना-नई दिल्ली राजधानी से सफर करने वाले यात्री अब कम समय में ही सफर कर सकेंगे। इस ट्रेन की अधिकतम स्पीड 130 किमी प्रति घंटा कर दी गई है। पहले यह ट्रेन 100-110 किमी की रफ्तार से चलती थी। मंगलवार की रात पटना से पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन तक स्पेशल ट्रेन 130 किमी/घंटे की रफ्तार से चलाई गई। हालांकि काशन होने के कारण दिलदारनगर स्टेशन से 110 किमी की रफ्तार से गुजरी इसके बाद ट्रेन की रफ्तार 130 हो गयी। सनद रहे कि बीते 9 व 10 फरवरी को आरडीएसओ (अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन) की टीम कंफर्मेटरी ओसिलोग्राफी कार रन के साथ अप लाइन में झाझा से डीडीयू तक 130 किमी की रफ्तार से 24 एलएचबी कोच वाली विशेष ट्रेन का स्पीड ट्रायल किया गया था। बक्सर से दिलदारनगर के बीच कई जगह काशन के कारण ट्रेन की गति कम करनी पड़ी।लेकिन ट्रेन की औसत गति 110: 57 किमी प्रति घंटा रिकार्ड की गई थी।ट्रायल स्पीड में ट्रेन 57 किमी की दूरी महज 28 मिनट में पहुंच गयी थी।
यात्रियों को होगी सहूलियत
दानापुर मंडल के पटना-डीडीयू रेल खंड पर पहली बार स्पीड ट्रायल के बाद यात्री ट्रेन 130 किमी की गति से चलाई गई है। अब यात्रियों का सफर में कम समय लगेगा। उन्होंने बताया कि पहले की तुलना से करीब 20 मिनट पहले यात्री नई दिल्ली पहुंच सकेंगे। ट्रेन चलने के बाद भी कई ट्रेनें 130 किमी की गति से दौड़ेगी। -पृथ्वी कुमार, जनसंपर्क अधिकारी दानापुर मंडल।