श्रीलंका भेजे जाने वाले इंजनों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का दिया निर्देश
रेलवे बोर्ड के सदस्य ट्रैक्शन घनश्याम सिंह ने शनिवार को डीरेका कार्यशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद सिंह ने डीरेका अधिकारियों के साथ बैठक कर लोको कन्वर्जन की प्रगति की जानक
वाराणसी, जेएनएन। रेलवे बोर्ड के सदस्य ट्रैक्शन घनश्याम सिंह ने शनिवार को डीरेका कार्यशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद सिंह ने डीरेका अधिकारियों के साथ बैठक कर लोको कन्वर्जन की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान डीरेका महाप्रबंधक रश्मि गोयल व अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। रेलवे बोर्ड सदस्य ने वर्कशॉप में श्रीलंका भेजे जाने वाले इंजनों को देखा और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। डीरेका अफसरों ने उन्हें लोको परिवर्तन और अन्य तकनीकी जानकारियां भी दीं। सिंह ने हाल ही में रेलवे बोर्ड द्वारा लोको परिवर्तन के संबंध में मिले लक्ष्य के अनुपात में हो रहे काम की रिपोर्ट देखी। इसके बाद अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की। डीरेका जीएम ने उन्हें डीजल रेल कारखाना में चल रही नई परियोजनाओं के संबंध में प्रस्तुतिकरण रिपोर्ट भी सौंपी।
सद्भावना एक्सप्रेस का एसी फेल, हंगामा : सद्भावना एक्सप्रेस का एसी फेल होने से नाराज यात्रियों ने शनिवार को कैंट स्टेशन पर खूब हंगामा किया। यात्रियों की मांग के बावजूद एसी व पंखे ठीक किए बगैर ट्रेन रवाना कर दी गई। इससे नाराज यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन को रोक दिया। आरोप लगाया कि उमस भरी गर्मी में रेल प्रशासन यात्रियों की सुविधा के लिए गंभीर नहीं है। यात्रियों का गुस्सा बढ़ता देख मौके पर आरपीएफ को भी बुलाना पड़ा। रक्सौल से आनंद विहार जाने वाली सद्भावना एक्सप्रेस के एसी थ्री के बी-1 कोच में शुरुआती स्टेशन से ही पंखा और एसी काम नहीं कर रहे थे। यात्री रनिंग स्टाफ से शिकायत करते तो रेल कर्मी अगले स्टेशन पर मरम्मत करवाने का आश्वासन देकर उन्हें लौटा देते। यात्रियों का आरोप है कि वाराणसी सिटी पर ट्रेन को ढाई घंटे खड़ा कर दिया गया। वहां भी ट्रेन को अटेंड करने कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। ट्रेन शाम 6.20 बजे कैंट स्टेशन पहुंची तो यात्रियों के सब्र का बाध टूट गया। प्लेटफार्म नंबर पांच स्थित डिप्टी एसएस कार्यालय में जाकर यात्रियों ने नाराजगी जाहिर की। बावजूद एक घंटे बाद भी समस्या दूर नहीं हो पाई। इस बीच ट्रेन को ग्रीन सिग्नल दे दिया गया।
चंडीगढ़ एक्सप्रेस के यात्रियों का हंगामा: पाटलीपुत्र से चंडीगढ़ जा रही चंडीगढ़ सुपरफास्ट एक्सप्रेस का एसी फेल होने पर यात्रियों ने कैंट स्टेशन पर हंगामा किया। शुक्रवार देर रात ट्रेन कैंट स्टेशन पहुंची तो यात्रियों ने एसी फेल होने की शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ट्रेन के चलने का सिग्नल हुआ तो यात्रियों ने चेन पुलिंग कर दी और हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंचे डिप्टी एसएस कामर्शियल ने टीएलआइ स्टाफ को एसी मरम्मत के निर्देश दिए। इसके चलते ट्रेन करीब डेढ़ घंटे प्लेटफार्म पर ही खड़ी रही।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप