रेल कर्मचारियों ने पासपोर्ट लौटाकर विदेशी सैलानी के चेहरे पर दी मुस्कान, खुश हुए विदेशी मेहमान
विदेशी महिला को उसका पासपोर्ट लौटाकर रेल कर्मचारियों ने उसके चेहरे पर मुस्कान लौटा दी।
वाराणसी, जेएनएन। विदेशी महिला को उसका पासपोर्ट लौटाकर रेल कर्मचारियों ने उसके चेहरे पर मुस्कान लौटा दी। इटली की नागरिक इलियाना हिसोल्लास का पासपोर्ट नई दिल्ली स्टेशन पर छूट गया था। रेल कर्मचारियों ने आपस में समन्वय स्थापित कर 12 घंटे के अंदर सैलानी का बैग समेत सारा सामान खोज निकाला। इस सहयोग के लिए विदेशी महिला ने रेल कर्मचारियों के प्रति आभार प्रकट व्यक्त किया। इलियाना हिसोल्लास गत शुक्रवार को वाराणसी आने के लिए सुबह नई दिल्ली स्टेशन पहुंची थी। चलने को तैयार वंदे भारत एक्सप्रेस पर बैठने की जल्दबाजी में इलियाना का बैग कहीं गिर गया।
बैग में पासपोर्ट, एयर टिकट व कुछ भारतीय करेंसी भी थी। ट्रेन कैंट स्टेशन पहुंची तो विदेशी महिला के होश उड़ गए। पास में रखा हैंड बैग गायब था। महिला ने निदेशक कार्यालय पर मौजूद कर्मचारियों से गुहार लगाई। सक्रिय हुए ओएसडी एसपी मिश्रा ने नई दिल्ली के रेल कर्मचारियों से संपर्क किया। बैग खोज निकालने के बाद उसे अगले दिन सुरक्षित तरीके से वाराणसी भेजने का प्रबंध किया। यहां शनिवार को निदेशक कार्यालय में महिला को उसका बैग सौंप दिया गया। बैग में सारे सामान पहले की तरह सुरक्षित रखे थे। तसल्ली करने के बाद इलियाना ने भारतीय रेलवे का आभार जताया।
महिला को सौंपी सोने की चेन : तीन दिन पहले 20 नंवबर को दैनिक जागरण में प्रकाशित '40 हजार की चेन से ज्यादा सम्मान में चैन' की खबर पढ़ने के बाद जीआरपी थाने पहुंची महिला यात्री को उसका कीमती सोने का चेन सौंप दिया गया। कनाडा की रहने वाली रुचि तिवारी विश्वेश्वरगंज स्थित एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए गत 19 नवंबर को गरीब रथ एक्सप्रेस से कैंट स्टेशन आई थी। हुक ढीला होने के कारण उनका चेन गले से निकल कर प्लेटफार्म पर गिर गया। सफाई के दौरान सुनीता देवी ने इमानदारी की मिसाल पेश करते हुए चेन को निदेशक आनंद मोहन के हवाले कर दिया था।