रेलवे बोर्ड के चेयरमैन ने रेलमंडल मुगलसराय में व्यस्थाओं का लिया जायजा
चंदौली में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन वीके यादव ने शनिवार को रेलमंडल मुग़लसराय का निरीक्षण किया। शुरूआती निरीक्षण में कर्मचारियों एवं यात्री सुविधाएं बढ़ाने पर उनका जोर दिखा।
चंदौली, जेएनएन। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन वीके यादव ने शनिवार को रेलमंडल मुग़लसराय का निरीक्षण किया। शुरूआती निरीक्षण में कर्मचारियों एवं यात्री सुविधाएं बढ़ाने पर उनका जोर दिखा। सीआरबी अपने विशेष ट्रेन से दिल्ली से चलकर पूर्वाह्न 11 बजे के करीब मुग़लसराय पहुंचे। उन्होंने निरीक्षण की शुरुआत स्मार्ट यार्ड से की। विकासपरक योजनाआें को देखा। इस बात पर गौरफरमाया कि विकास कार्यों की रफ़्तार सुस्त तो नहीं। निरीक्षण के दौरान साथ में चल रहे उच्चाधिकारियों से सवाल-जवाब करते रहे। हर पहलुआें की गहनतापूर्वक जांच की। यार्ड में काम करने वाले कर्मियों से उनकी समस्याआें के बारे में जाना। यार्ड में तत्काल कर्मचारियों के लिए शौचालय व आरो वाटर उपलब्ध कराने का निर्देश डीआरएम पंकज सक्सेना को दिया।
चेयरमैन ने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों के रिक्त स्थान पर तत्काल नियुक्ति करने की भी बात कही। निरीक्षण को लेकर डीआरएम सहित सभी अधिकारी मुस्तैद दिखाई दिए। बॉक्स-एन से निकालकर आरपीएफ बैरक जा पहुंचे। जवानों से सुविधाओं के बारे में जानकारी लेते रहे। हालांकि अभी तक की निरीक्षण के बारे में कुछ अधिकृत जानकारी नहीं मिल पाई है। डीआरएम ने सोशल मीडिया पर भी निरीक्षण शुरू होने की जानकारी जरूर दी है।