सीर में आस्था की भीड़, रविदासिया धर्म का ध्वजारोहण कल, पीएम भी होंगे शामिल
सीर गोवर्धन् में आस्था का रेला उमड़ा हुआ है। देश भर से रैदासियों के जत्थे गुरु चरणों में शीष नवाने पहुंच रहे हैं। सीर इन दिनों लघु पंजाब बना नजर आ रहा है।
वाराणसी, जेएनएन। सीर गोवर्धन् में आस्था का रेला उमड़ा हुआ है। देश भर से रैदासियों के जत्थे गुरु चरणों में शीष नवाने पहुंच रहे हैं। सीर इन दिनों लघु पंजाब बना नजर आ रहा है। इससे पूर्व डेरा सच्चा बल खंड जालंधर पीठाधीश्वर संत निरंजन दास रविवार दोपहर तीन बजे 642वें रविदास जयंती में शामिल होने सीर गोवर्धनपुर स्थित रविदास मंदिर पहुंचे। पूरा इलाका जय गुरूदेव के नारे से गूंज उठा। मंदिर प्रबंधन के साथ संत एवं सेवादारों ने मिलकर भव्य स्वागत किया। संत निरंजन दास सबसे पहले मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने संत रविदास का दर्शन किया और आशीर्वाद मांगा। दर्शन के बाद वे मंदिर में ही बने विशेष स्थान पर पानी से अपनी प्यास बुझाई। इसके बाद सत्संग में शामिल हुए व श्रद्धालुओं से भेंट करने के बाद आराम करने चले गए।
मंदिर के ट्रस्ट से जुड़े संयुक्त सचिव सतपाल वीर्गी ने बताया कि देर शाम संत निरंजन दास को पंडाल व लंगर हाल की व्यवस्था का डिजिटल निरीक्षण कराया गया है। बताया की संत निरंजन दास आज देश भर से आए संतो के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान मंदिर में सुबह से शाम तक सत्संग चलेगा।
शाम छह बजे से नगवा स्थित संत रविदास पार्क में दीपोत्सव मनाया जाएगा। इसके बाद जयंती के आयोजन में कल सुबह आठ बजे से रविदासिया धर्म का ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद सुबह दस बजे से अमृतवाणी का पाठ व 11 बजे से मुख्य पंडाल में सत्संग एवं भजन कीर्तन का कार्यक्रम होगा जिसमें प्रधानमंत्री भी शामिल होंगे। शाम छह बजे जगह-जगह से निकाली गई संत रविदास की शोभायात्रा के साथ झांकियों का संत रविदास जन्म स्थली पर स्वागत किया जाएगा।