मुंबई सराफा लूटकांड के आरोपित के गाजीपुर घर में छापा, दौ सौ ग्राम सोना बरामद
मुम्बई में सराफा की दुकान में हुई सनसनीखेज लूटकांड के आरोपित व सुहवल थाना क्षेत्र के बवाड़ा निवासी सोनू सिंह के पैतृक घर पर बुधवार की रात मुम्बई पुलिस ने औचक छापेमारी की। उसके घर से लूट का दो सौ ग्राम सोना बरामद हुआ।
गाजीपुर, जेएनएन। मुम्बई में सराफा की दुकान में हुई सनसनीखेज लूटकांड के आरोपित व सुहवल थाना क्षेत्र के बवाड़ा निवासी सोनू सिंह के पैतृक घर पर बुधवार की रात मुम्बई पुलिस ने औचक छापेमारी की। उसके घर से लूट का दो सौ ग्राम सोना बरामद हुआ। मुम्बई पुलिस की इस कार्रवाई से अफरा-तफरी मची रही। बरामद सोने की कीमत करीब नौ लाख रुपये आंकी जा रही है।
मुंबई के मीरा रोड क्षेत्र स्थित एस कुमार गोल्ड एंड डायमंड शाप में असलहा से आतंकित कर बीते सात जनवरी को करीब डेढ़ करोड़ के जेवर लूट लिए गए थे। इस लूटकांड का सरगना सुहवल थाना क्षेत्र के ताड़ीघाट निवासी विनय कुमार सिंह उर्फ सिंटू था। उसे एसटीएफ ने बीते 28 जनवरी को लखनऊ से गिरफ्तार किया था। पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई की डर से इस लूट कांड में शामिल बवाड़ा निवासी सोनू सिंह ने कोर्ट में समर्पण कर दिया। उसे रिमांड पर लेकर मुम्बई पुलिस पूछताछ कर रही थी। इसमें उसने बताया कि लूट का सोना वह अपने घर रखा हुआ है। इस पर मुम्बई पुलिस सक्रिय हो गई। बुधवार की रात सुहवल पुलिस से संपर्क कर उसके बारे में ब्योरा इकटठा किया। जानकारी के बाद बुधवार की रात मुम्बई पुलिस ने बवाड़ा गांव पहुंचकर उसके घर पर छापेमारी की। रात में बड़ी संख्या में पुलिस को देखकर गांव में हलचल मच गई। मुम्बई पुलिस को सोनू की निशानदेही पर कुल दो सौ ग्राम सोना बरामद हुआ, जो सराफा की दुकान से लूटा गया था।
छापेमारी के दौरान उसके घर से दो सौ ग्राम सोना बरामद हुआ है
बवाड़ा निवासी सोनू सिंह की निशानदेही पर मुम्बई पुलिस आई थी। छापेमारी के दौरान उसके घर से दो सौ ग्राम सोना बरामद हुआ है। कार्रवाई के बाद मुम्बई पुलिस लौट गई।
- योगेंद्र सिंह, प्रभारी निरीक्षक सुहवल।