वाराणसी के चोलापुर में ढेरही टोल प्लाजा हटाने की मांग को लेकर प्रदर्शन, छावनी बना प्लाजा, पुलिस को चकमा देकर पहुंचे अजीत सिंह
वाराणसी के चोलापुर स्थित ढेरही टोल प्लाजा हटाने की मांग को लेकर प्रस्तावित धरने के मद्देनजर भारी सुरक्षा व्यवस्था की ...और पढ़ें
HighLights
ढेरही टोल प्लाजा हटाने की मांग पर भारी पुलिस बल तैनात।
पुलिस को चकमा देकर अजीत सिंह पेट्रोल बोतल संग पहुंचे।
अजीत सिंह समेत तीन प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए गए।
जागरण संवाददाता, (चोलापुर) वाराणसी। चोलापुर के ढेरही स्थित टोल प्लाजा हटाने की मांग को लेकर बुधवार को प्रस्तावित धरने को लेकर प्रशासन ने मंगलवार रात से ही सुरक्षा का घेरा कस दिया था। चोलापुर से लेकर जौनपुर सीमा तक पुलिस और पीएसी की तैनाती कर दी गई थी। धरना स्थल की ओर जाने वाले रास्तों पर जगह-जगह पुलिस ने लोगों को रोक दिया।
कई लोगों को पुलिस ने रात से ही नजरबंद कर रखा था। जौनपुर की ओर से आने वाले लोगों को भी जनपद सीमा पर रोक दिया गया। शासन की सख्ती के बावजूद बुधवार दोपहर करीब एक बजे पुर्वांचल किसान संगठन के अध्यक्ष अजीत सिंह अपने दो साथियों के साथ वाराणसी की तरफ से रोडवेज बस से टोल प्लाजा पहुंच गए।
तीनों हाथों में तिरंगा लिए 'रोड नहीं तो टोल नहीं' का नारा लगाते हुए धरना स्थल की ओर बढ़े। अजीत सिंह के अचानक टोल प्लाजा पहुंचते ही वहां मौजूद पुलिसकर्मियों में खलबली मच गई और देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुटने लगे।पुलिस के अनुसार अजीत सिंह के पास मौजूद बोतल में पेट्रोल था।
मौके पर तैनात पुलिस व पीएसी के जवानों ने पेट्रोल की बोतल अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद उनके हाथ से लाइटर भी छीन लिया गया। अचानक टोल प्लाजा पर पहुंचे अजीत सिंह के समर्थन में ग्रामीणों की भीड़ जुटने लगी, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर गहमागहमी की स्थिति बन गई।हालात को देखते हुए कई थानों की पुलिस और पीएसी ने मोर्चा संभाल लिया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए अजीत सिंह समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया और वज्र वाहन से थाने ले गई।
रात से ही सक्रिय था प्रशासन
टोल हटाने की मांग को लेकर प्रस्तावित धरने को देखते हुए प्रशासन मंगलवार से ही सक्रिय था। जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थे। वहीं जौनपुर जनपद की सीमा पर भी पुलिस बल तैनात कर लोगों की आवाजाही पर निगरानी रखी गई। दोनों जनपदों के अधिकारियों ने धरना स्थल और आसपास के क्षेत्रों का जायजा लेकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।धरना स्थल पर जाने से लोगों को रोकने और अजीत सिंह के अचानक पहुंचने की घटना बुधवार को पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
