गाजीपुर में प्रेमी के घर आश्रय के लिए पहुंची प्रेमिका ने दो दिन से दिया धरना, परिवार वाले ताला लगाकर फरार
जंगीपुर क्षेत्र में लंबे प्रेम प्रसंग के बाद प्रेमी के शादी से इंकार कर देने के बाद युवती प्रेमी के घर धरने पर बैठ गई।
गाजीपुर, जेएनएन। जंगीपुर क्षेत्र में लंबे प्रेम प्रसंग के बाद प्रेमी के शादी से इंकार कर देने के बाद लड़की प्रेमी के घर धरने पर बैठ गई। वहीं मामले की जानकारी होने के बाद परिजन भी मौके से घर पर ताला लगाकर फरार हो गए। सदर कोतवाली क्षेत्र के रुहीपुर में गांव के ही लड़के से सुमन कुशवाहा प्यार करती थी। लड़का ने शादी से इंकार किया तो रविवार से ही लड़की अारोपित लड़के के घर धरने पर बैठ गई।
वहीं लड़के के घर वाले विवाद होने पर घर छोड़ कर फरार हो गए। प्रेमी के व्यवहार से दुखी सुमन कुशवाहा अपने प्रेमी के घर इंसाफ पाने के लिए बैठ गई है। दरअसल सुमन कुशवाहा, पुत्री विजय सिंह कुशवाहा, ग्राम रुहीपुर सदर कोतवाली गाजीपुर का प्रेम संबंध गांव के ही एक लड़के से हो गया। बताया कि 2014 से ही संदीप कुशवाहा से उसका प्रेम संबंध है। कुछ दिन छिप कर प्रेम संबंध चला, जब गांव के लोगों को मालूम हुआ तो दोनों फरार हो गए।
इसके बाद फुल्लनपुर में किराए के मकान में रहने लगे वहां लगभग ढाई वर्ष तक रहे। उधर युवती पक्ष के लोग भी दोनों को खोजने में लग गए। बहुत खोजबीन के बाद दोनों फुल्लनपुर में पकड़े गए। लड़की पक्ष की ओर से कोतवाली में तहरीर 13 सितंबर 2019 को दी गई। इसके बाद युवती अन्य किराए के एक मकान में रहने लगी और लड़के को जेल भेज दिया गया, उसके बाद से ही युवती अकेली लड़के के घर बैठी है।