वाराणसी में निजीकरण के खिलाफ कर्मचारियों ने खोला मोर्चा, विरोध में रैली निकालकर किया प्रदर्शन Varanasi news
निगमीकरण निजीकरण आउटसोर्सिंग सहित अन्य मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर कर्मचारियों ने शुक्रवार को मोर्चा खोल दिया।
वाराणसी, जेएनएन। निगमीकरण, निजीकरण, आउटसोर्सिंग सहित अन्य मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ के आह्वान पर कर्मचारियों ने शुक्रवार को मोर्चा खोल दिया। इसके तहत विभिन्न कर्मचारी संगठनों भारतीय मजदूर संघ, पूर्वांचल विद्युत संविदा मजदूर संघ आदि की ओर से डीरेका के निगमीकरण का विरोध किया गया।
वहीं दूसरी ओर पूर्वांचल विद्युत विभाग के निजीकरण, बैंकों के एकीकरण, रेलवे में निजीकरण, आंगनबाड़ी में धांधली, परिवहन में हो रहे शोषण, जलकल, पोस्टल, एलआइसी, डूडा/स्थानीय निकाय एवं अन्य विभागों में हो रहे आउट सोर्सिंग आदि मांगों के विरोध में रैली निकाली। विरोध प्रदर्शन के दौरान सैकडों महिला पुरुष कर्मचारियों ने एक स्वर में अपनी आवाज कर्मचारी हित में बुलंद की।
कर्मचारियों की यह विरोध प्रदर्शन रैली प्रधान डाकघर नदेसर के सामने से जिलाधिकारी कार्यालय तक निकाली गई। इस दौरान कर्मचारियों ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जोरदान नारेबाजी करते हुए कर्मचारी हितों के संरक्षण की मांग की। साथ ही रोजगार श्रजन व कर्मचारियाें के बेहतर जीवन यापन के लिए सरकार की ओर से सार्थक दखल की अपील की गई।