वाराणसी में सैनिक भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरू, 60 हजार युवा करा चुके अभी तक पंजीकरण
बनारस के रणबांकुरे स्टेडियम में एक नवंबर से सेना में भर्ती रैली शुरू हो जाएगी। दौड़ में शामिल होने के लिए युवाओं ने पंजीकरण करना शुरू कर दिया है।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल के न जाने कितने युवा बढ़ती उम्र के साथ भारतीय सेना में भर्ती होने का सपना देखने लगते हैं। गाजीपुर में तो रेवतीपुर और गहमर ऐसे गांव हैं जहां पीढिय़ों से लोग सेना में भर्ती होते आ रहे है। बलिया के ही रहने वाले मंगल पांडेय ने भारत के पहले स्वतंत्रता संग्राम में आहूति दी थी।
बनारस के रणबांकुरे स्टेडियम में एक नवंबर से सेना में भर्ती रैली शुरू हो जाएगी। सबसे पहले युवकों को तय समय में दौड़ पूरी करनी होती है। उसके बाद वह अगले श्रेणी में जाता है। दौड़ में शामिल होने के लिए युवाओं ने पंजीकरण करना शुरू कर दिया है। मंगलवार तक इसकी संख्या 60 हजार को छू रही थी।
भर्ती निदेशक कर्नल आरएस ठाकुर का कहना है कि भारतीय फौज का हिस्सा बनना गौरव की बात होती है। इसके लिए पहले युवाओं को अपनी जैविक घड़ी को ठीक करना होगा। अभी ये युवा सुबह या शाम को दौड़ लगाने का अभ्यास करते होंगे। ऐसे में भर्ती के समय दौड़ का समय कुछ और ही इनको मिलेगा। आज के सैनिक की परिभाषा बदल चुकी है। पराक्रम के साथ बौद्धिक क्षमता की जरूरत होती है। हमारा प्रयास होता है सर्वश्रेष्ठ युवा ही भारतीय सेना का हिस्सा बने।
रखे ये सावधानियां
भर्ती रैली में आने से पहले आंखों की अच्छी तरह से जांच करा कर आना चाहिए। कहीं कलर ब्लाइंडनेस तो नहीं है। कान और दांत अच्छी तरह से साफ होने चाहिए। टेटू बनवाने से हमेशा बचे। किसी भी जानकारी के लिए हमेशा भर्ती केंद्र के अधिकारियों से ही बात करें।
इन जनपदों के युवा लेते है हिस्सा
इस भर्ती रैली में आजमगढ़, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, मऊ, सोनभद्र, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली, मीरजापुर और भदोही के युवा हिस्सा ले सकते हैं। भारतीय सेना की आधिकारिक बेवसाइट पर सारी जानकारी उपलब्ध है।