आनंद भवन से प्रियंका संभालेंगी पूर्वांचल की कमान, सजने संवरने लगा पैतृक आवास
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व पूर्वी उप्र की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा प्रयागराज स्थित आनंद भवन से पूर्वांचल की कमान संभालेंगी, इसकी तैयारियां जारी हैं।
वाराणसी [विनोद पांडेय] । कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व पूर्वी उप्र की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा प्रयागराज स्थित आनंद भवन से पूर्वांचल की कमान संभालेंगी। यह उनका पैतृक भवन है जिसे स्व. मोतीलाल नेहरू ने खरीदा था। इस भवन से पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू व इंदिरा गांधी की स्मृतियां जुड़ी हैं। लोकसभा चुनाव में प्रियंका गांधी के प्रवास को देखते हुए भवन को संजाने-संवारने का काम हो रहा है।
आनंद भवन को स्व. मोतीलाल नेहरू ने 1899 में 20 हजार रुपये में खरीदा था। इसी भवन में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू रहते थे। 1917 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जन्म भी इसी भवन में हुआ था। 1930 में यह भवन राष्ट्र को समर्पित कर दिया गया और समीप ही नेहरू परिवार ने स्वराज भवन के नाम से नया भवन बनवा लिया। हालांकि 1942 में आनंद भवन से पूर्व पीएम इंदिरा गांधी का विवाह हुआ। 1969 में इस भवन को जवाहर लाल नेहरू स्मारक निधि को दान कर दिया गया।
फिर से भारतीय राजनीति का केंद्र : भारतीय राजनीति में आनंद भवन की महत्ता को देखते हुए एक बारगी फिर से कांग्रेस ने इस भवन को प्रियंका गांधी के लिए चुना है। लोकसभा 2019 के चुनाव में यहीं से प्रियंका गांधी रणनीतियों पर मंथन करेंगी। प्रियंका का यह नया ठिकाना पूर्वांचल की जनता को भावनाओं से जोड़ेगा। पूर्वांचल का मध्य होने के कारण दौरा करने के बाद घर वापसी भी प्रियंका के लिए आसान होगी।
कुंभ स्नान में राहुल व प्रियंका : आनंद भवन की तैयारियों के मद्देनजर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व महासचिव प्रियंका गांधी के कुंभ में पहुंचने की संभावना प्रबल हो गई है। इसे देखते हुए बनारस से भी कार्यकर्ताओं की टोली कुंभ पहुंचने लगी है। पूर्व विधायक अजय राय भी 30 जनवरी को कुंभ में होंगे जहां वे धर्म संसद में भी शिरकत करेंगे। सेवादल का चिंतन शिविर कुंभ में आयोजित है। इसमें राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के बड़े नेता शामिल होंगे जिसमें प्रमोद तिवारी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, राजबब्बर आदि प्रमुख नाम हैं।
कुंभ में मौजूद बनारसी कांग्रेसी : बनारस से कुंभ पहुंचने वालों में सेवादल के जिलाध्यक्ष मनोज द्विवेदी, महानगर अध्यक्ष जितेंद्र श्रीवास्तव, प्रदेश संगठन मंत्री संजय चौबे, रामसुधार मिश्र, ओपी पांडेय, सतीश बिंद, प्रेमशंकर तिवारी, मेहताब आलम, कन्हैया केसरी, बाल गोविंद आदि प्रमुख कांग्रेसजन हैं।