गंगा के रास्ते काशी आएंगी प्रियंका, राजीव गांधी ने रखी थी गंगा एक्शन प्लान की नींव
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व पूर्वी जोन की प्रभारी प्रियंका गांधी के बनारस आने की आहट होने लगी है।
वाराणसी, जेएनएन। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव व पूर्वी जोन की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के बनारस आने की आहट होने लगी है। इसे देखते हुए उनके भव्य स्वागत की तैयारी स्थानीय कांग्रेस ने शुरू कर दी है। बूथ स्तर की कमेटियों को सक्रिय कर हर मोड़ पर भव्य स्वागत करने को कहा जा रहा है। प्रियंका गांधी के आगमन का तरीका भी खास होने वाला है। वह गंगा के रास्ते प्रयागराज से काशी आने की योजना बना रही हैं। चूंकि गंगा से उनके पिता व पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का पुराना नाता रहा है। उन्होंने गंगा निर्मलीकरण के लिए काशी में ही गंगा एक्शन प्लान की नींव रखी थी। समझा जा रहा है कि इसी पुराने लगाव के कारण मां गंगा की लहरों पर सवार होकर बोट से काशी पहुंचने की योजना प्रिंयका गांधी की ओर से बनाई जा रही है। दूसरी ओर जिस प्रकार पीएम नरेंद्र मोदी ने खुद को मां गंगा का बेटा बताकर यहां के लोगों की संवेदना को छूने का काम किया था। उसी संवेदना तक पहुंचने की कोशिश के तहत प्रियंका गांधी की ओर से भी रणनीति बना रही है। आनंद भवन से संभालेंगी चुनावी कमान :
प्रयागराज स्थित आनंद भवन प्रियंका गांधी का चुनावी ठिकाना होगा। इसी भवन से वह पूर्वी जोन की चुनावी कमान संभालेंगी। यह भवन उनका पैतृक भवन है जिसके पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के अलावा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की यादें बसी हैं। बनारसी अड़ियों पर जाएंगी प्रिंयका : प्रियंका गांधी ने पहले ही कह दिया है कि वह बड़ी सभाओं की बजाए छोटी सभाओं को तरजीह देंगी। नुक्कड़ नाटक के अलावा बनारस की अड़ियों पर भी उनका संबोधन होगा। बनारस के बुद्धिजीवी वर्ग से भी उनका संवाद होगा। राह चलते किसी महिला या युवा से सीधे वन-टू-वन संवाद भी सकती हैं। यह प्रचार की रणनीति का हिस्सा होगा।