Move to Jagran APP

अब बनारस से बलिया की धरती नापेंगी प्रियंका, पूर्वांचल के जिलों में न्याय यात्रा

प्रयागराज से काशी और फिर अयोध्या के बाद कांग्रेस महासचिव व उप्र पूर्वी जोन की प्रभारी प्रियंका वाड्रा अब बनारस से बलिया तक की यात्रा करने जा रही हैं।

By Vandana SinghEdited By: Published: Fri, 12 Apr 2019 07:26 PM (IST)Updated: Sat, 13 Apr 2019 11:49 AM (IST)
अब बनारस से बलिया की धरती नापेंगी प्रियंका, पूर्वांचल के जिलों में न्याय यात्रा
अब बनारस से बलिया की धरती नापेंगी प्रियंका, पूर्वांचल के जिलों में न्याय यात्रा

वाराणसी, [विनोद पांडेय]। प्रयागराज से काशी और फिर अयोध्या के बाद कांग्रेस महासचिव व उप्र पूर्वी जोन की प्रभारी प्रियंका वाड्रा अब बनारस से बलिया तक की यात्रा करने जा रही हैं। सड़क व गंगा मार्ग के साथ प्रस्तावित प्रियंका के इस प्रवाह को न्याय यात्रा का नाम दिया गया है। इस दौरान प्रियंका वाड्रा कांग्रेस के घोषणा पत्र को जनता के बीच रखेंगी और पार्टी की ओर से किए वादों को गिनाएंगी। केंद्र में सरकार बनने के बाद वादा पूरा होने का भरोसा भी देंगी।

loksabha election banner

प्रियंका की इस न्याय यात्रा की तारीख व इस दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। इसके लिए कांग्रेस की रिसर्च इकाई को जिम्मेदारी दी गई है जो कार्यक्रम के तहत रोड शो, जनसभा, ग्राम भ्रमण व चौपाल आदि पर मंथन कर रही है। प्रियंका की यह यात्रा सड़क व गंगा मार्ग से पूरी होगी। बनारस के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर प्रियंका का आगमन होने के बाद शहर में बनारस के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात होगी। इसके बाद चंदौली रवाना हो जाएंगी जहां मुगलसराय में रोड शो का आयोजन होगा। इसके बाद गंगा पार कर वह बनारस के कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन कर जमनियां के लिए रवाना होंगी जहां पर जनसभा आयोजित है। यहां से सैदपुर जाएंगी जहां जनसंपर्क करेंगी। फिर गाजीपुर पहुंचेंगी जहां जनसभा होगी। इसके बाद गाजीपुर से बलिया के लिए रवाना होंगी। खास यह कि बलिया जिला में दाखिल होने के साथ ही वह गंगा के रास्ते आगे की न्याय यात्रा करेंगी। वहीं बनारस व गाजीपुर के बीच भी प्रियंका की गंगा यात्रा होने की बात कही जा रही है।

न्याय यात्रा के जिला प्रभारी बने राघवेंद्र

कांग्रेस महासचिव व उप्र पूर्वी जोन प्रभारी प्रियंका वाड्रा की ओर से न्याय यात्रा का वाराणसी जिला प्रभारी राघवेंद्र चौबे को बनाया गया है। चौबे यूथ कांग्रेस के प्रदेश महासचिव (पूर्वी जोन) हैं। पूर्व विधायक अजय राय ने कहा कि न्याय यात्रा के तहत कांग्रेस के घोषणा पत्र को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। कांग्रेस के किए वादे से जनता को अवगत कराया जाएगा। प्रदेश महासचिव सतीश चौबे ने न्याय यात्रा को सफल बनाने के लिए जनता के बीच कार्यकर्ताओं को जाने के लिए निर्देशित किया है।

विस क्षेत्र में कोआर्डिनेटर नियुक्त

कांग्रेस की न्याय यात्रा समेत चुनाव में मजबूती के लिए व्यापक रणनीति बनी है। जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने बताया कि प्रत्येक विस क्षेत्र में एक कोआर्डिनेटर बनाया गया है। इनके सहयोग में जिला महासचिव व सचिव को लगाया गया है। कोआर्डिनेटर ब्लाक व बूथ अध्यक्षों के संपर्क में हैं औन उनसे जुड़ी बातों को जिला कमेटी तक पहुंचा रहे हैं। न्याय पंचायत अध्यक्षों के माध्यम से न्याय यात्रा को प्रभावी बनाया जा रहा है जिसके तहत घोषणा पत्र को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.