प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मन भर नहीं कर पाए काशी के भाजपा कार्यकर्ताओं से 'मन की बात'
पीएम ने कहा कि काशी के भाइयों-बहनों हमें ज्यादा से ज्यादा लोगों से बात करने का मौका मिलता तो अच्छा लगता। समय की बाध्यता के चलते सभी विधानसभा क्षेत्रों से सिर्फ कुछ लोगों से बात हो पायी है। काशी हमारे लिए संस्कृति और सम्मान का पर्याय है।
वाराणसी, जागरण संवाददाता। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपने संसदीय क्षेत्र बनारस में भाजपा कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए समय की बाध्यता का मलाल रहा। आधे घंटे से अधिक के अपने संबाेधन और संवाद के बाद आखिरकार पीएम ने मन भर बात न कर पाने के मलाज का भी जिक्र किया। पीएम ने कहा कि काशी के भाइयों-बहनों हमें ज्यादा से ज्यादा लोगों से बात करने का मौका मिलता तो अच्छा लगता। समय की बाध्यता के चलते सभी विधानसभा क्षेत्रों से सिर्फ कुछ लोगों से बात हो पायी है। काशी हमारे लिए संस्कृति और सम्मान का पर्याय है। आप की तरह मैं भी पार्टी का कार्यकर्ता हूं।
पार्टी को मजबूत करने का दिया मंत्र : पीएम ने कार्यकर्ताओं से चुनाव में जीत के साथ ही पार्टी को मजबूत बनाने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि यूपी की सभी जनता को एक-एक वोट की ताकत बतानी है। मैं और यूपी के मुख्यमंत्री योगी जी इसलिए ही इतना काम कर पा रहे हैं क्योंकि जनता का खूब प्यार मिला है। कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव कार्यकर्ता के लिए ट्रेनिंग कैम्प होता है। इस दौरान काफी कुछ सीखने को मिलता है साथ ही नए लोगों को जोड़ने और गढ़ने का मौका मिलता है। चुनाव जीतना तो एक विषय होता है कार्यकर्ता का विस्तार होना चाहिए।
हर बूथ के बीच हो प्रतियोगिता : उन्होंने पार्टी को मजबूत बनाने के लिए भी मंत्र दिया। कहा कि हम हर बूथ की बीच कंपटीशन करें। ये प्रतियोगिता 30 जनवरी तक हो जानी चाहिए। आप सभी को मालूम है कि नमों एप पर माइक्रो डोनेशन किया जा सकता है। पांच रुपये भी पार्टी को दान कर सकते हैं। प्रतियोगिता यह हो कि कौन सा पोलिंग बूथ ज्यादा से ज्यादा डोनेशन करा सकता है। विश्वास है कि हर पोलिंग बूथ पर पांच -दस रुपये अधिकतम लोगों से कराएंगे।
कमल पुष्प की चर्चा : नमो एप में कमल पुष्प की व्यवस्था है। हम आज जहां पहुंचे है वहां तक आने में जनसंघ की कई पीढ़ी खप गयी। कमल पुष्प में ऐसे लोगें को याद करके उनके बारे में बताएं उनकी फोटो लगाएं।वो लोग भाजपा को आगे बढ़ाने में कितना कष्ट उठाते थे यह बातें कमल पुष्प में रखना चाहिए। वाराणसी में जनसंघ के जमाने के हर लोगों तक हमारी बात पहुंचनी चाहिए। पीएम ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव को बढ़-चढ़कर मनाना चाहिए।
यह भी पढ़ें : यूपी के चुनावी मोर्चे पर पीएम मोदी : नमो एप पर का करीब 45 मिनट में आठ कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद
यह भी पढ़ें : पीएम ने काशी के कार्यकर्ताओं को जीत का दिया मंत्र, कहा - ' हमें एक-एक वोट की कीमत समझानी है'