वीडीए के आवासीय योजना के प्रथम चरण में 1004 प्लाट के लिए पंजीकरण शुरू करने की तैयारी, प्लॉट के रेट जारी हुए
वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की कल्लीपुर आवासीय योजना के पहले चरण में 1004 प्लाटों के लिए जल्द ही पंजीकरण शुरू ...और पढ़ें

वीडीए की कल्लीपुर आवासीय योजना: वाराणसी में 1004 प्लाटों के लिए पंजीकरण की तैयारी तेज।
HighLights
कल्लीपुर आवासीय योजना में 1004 प्लाटों का पंजीकरण जल्द।
वाराणसी-प्रयागराज राजमार्ग पर स्थित, विभिन्न आकार के प्लाट उपलब्ध।
योजना में व्यावसायिक परिसर और राम-जानकी मंदिर भी शामिल।
रुण कुमार मिश्र, वाराणसी। वाराणसी-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे आवास का सपना देखने वालों के लिए अच्छी खबर है। वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की कल्लीपुर आवासीय योजना को धरातल पर उतारने की तैयारी तेज हो गई है।
आचार संहिता लागू होने से पहले योजना के प्रथम चरण में 1004 प्लाट के लिए पंजीकरण शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए जमीन की खरीद और किसानों से भूमि प्राप्त करने की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। योजना में शामिल जमीन और प्लाट को रेरा से स्वीकृति मिलने की जानकारी है। पंजीकरण के लिए आवेदन वीडीए की वेबसाइट पर आनलाइन लिए जाएंगे। वहीं, प्लाट का आवंटन लाटरी के माध्यम से किया जाएगा।
योजना में चार श्रेणियों के प्लाट उपलब्ध कराने की तैयारी है। इनमें 72, 162, 200 और 288 वर्ग मीटर के प्लाट शामिल हैं। प्रस्तावित बिक्री दर 43 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर रखी गई है। इस हिसाब से 72 वर्ग मीटर के प्लाट की कीमत 30.96 लाख रुपये, 162 वर्ग मीटर के प्लाट की कीमत 69.66 लाख रुपये, 200 वर्ग मीटर के प्लाट की कीमत 86 लाख रुपये और 288 वर्ग मीटर के प्लाट की कीमत 1.23 करोड़ रुपये होगी। इन कीमतों में पंजीकरण, अन्य शुल्क और कर शामिल हैं या नहीं, इसकी जानकारी प्राधिकरण की ओर से जारी होने वाली योजना पुस्तिका से स्पष्ट होगी।
प्लाट से दस गुना अधिक आवेदन आने की उम्मीद
योजना को लेकर लोगों की दिलचस्पी को देखते हुए प्राधिकरण को उम्मीद है कि उपलब्ध प्लाट की संख्या से दस गुना तक आवेदन आ सकते हैं। इस लिहाज से 1004 प्लाट के लिए करीब 10 हजार आवेदन मिलने की संभावना है। हालांकि, वास्तविक संख्या पंजीकरण शुरू होने के बाद ही स्पष्ट होगी। आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी जाएगी, जिससे इच्छुक आवेदकों को प्राधिकरण कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। निर्धारित प्रक्रिया के बाद लाटरी से सफल आवेदकों का चयन किया जाएगा।
90 प्रतिशत से अधिक जमीन जुटाई गई
वीडीए अधिकारी के मुताबिक कल्लीपुर आवासीय योजना के लिए जमीन जुटाना सबसे बड़ी चुनौती थी। उपलब्ध भूमि विवरण के अनुसार, योजना के लिए लगभग 72.70 हेक्टेयर भूमि का ब्योरा तैयार किया गया है। इसमें करीब 69.70 हेक्टेयर भूमि प्रस्तावित है। अब तक लगभग 65.16 हेक्टेयर जमीन खरीद और लैंड पूलिंग के माध्यम से प्राप्त की जा चुकी है। इस तरह प्रस्तावित भूमि का 93 प्रतिशत से अधिक हिस्सा जुटाया जा चुका है। शेष जमीन प्राप्त करने की प्रक्रिया भी पूरी करने की तैयारी है।
10 बीघे में लूलू माल की तर्ज पर व्यावसायिक परिसर
आवासीय योजना को केवल प्लाट तक सीमित रखने के बजाय यहां व्यावसायिक गतिविधियों का बड़ा केंद्र विकसित करने की भी योजना है। इसके लिए लगभग 10 बीघे जमीन व्यावसायिक उपयोग के लिए रखी गई है। इस पर लखनऊ के लूलू माल की तर्ज पर आधुनिक व्यावसायिक परिसर विकसित करने की परिकल्पना है। हालांकि, परिसर का अंतिम स्वरूप, निवेश और निर्माण की समयसीमा अभी स्पष्ट होना बाकी है।
डेढ़ बीघे में बनेगा भव्य राम-जानकी मंदिर
योजना में धार्मिक और सामुदायिक सुविधाओं को भी स्थान देने की तैयारी है। इसके तहत लगभग डेढ़ बीघे जमीन पर भव्य राम-जानकी मंदिर का निर्माण वीडीए की ओर से कराया जाएगा। इसके अलावा तीन स्थानों पर टावर बनाने और खेलकूद के लिए मैदान उपलब्ध कराने की भी योजना है। इन सुविधाओं के विकसित होने से आवासीय परिसर को व्यवस्थित और सुविधायुक्त बनाने में मदद मिलेगी।
राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे होने से बढ़ेगी उपयोगिता
वाराणसी-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित होने के कारण कल्लीपुर आवासीय योजना की कनेक्टिविटी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आवासीय प्लाट के साथ व्यावसायिक परिसर, मंदिर और खेल मैदान जैसी सुविधाएं विकसित होने से यह क्षेत्र भविष्य में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों का नया केंद्र बन सकता है। अब निगाहें पंजीकरण की तारीख, आवेदन की शर्तों और आवंटन की विस्तृत प्रक्रिया पर टिकी हैं।
