फ्लाईदुबई विमान के जख्मी भारतीय पायलट के लिए काशी में गंगा आरती के दौरान जल्द स्वस्थ होने की लोगो ने की कामना
वाराणसी में फ्लाईदुबई के घायल भारतीय पायलट स्मित मछार के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर में अभिषेक ...और पढ़ें
HighLights
घायल भारतीय पायलट स्मित मछार के लिए देश भर से कामना।
वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर में अभिषेक और जाप।
दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। फ्लाईदुबई विमान के जख्मी भारतीय पायलट स्मित मछार के लिए देश दुनिया भर से जल्द ठीक होने की कामना का दौर जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार को वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर में बाबा का अभिषेक और महामृत्युंजय जाप भी किया गया। इसके साथ ही बाबा से अच्छी सेहत की कामना आचार्यों के नेतृत्व में की गई। वहीं शाम को दशाश्वमेध घाट स्थित गंगा सेवा निधि की गंगा आरती में उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना भी की गई।
बताया गया कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक फ्लाइट के को-पायलट ने कथित तौर पर प्लेन को क्रैश करने की कोशिश की और इमरजेंसी सिग्नल भेजे जाने के दौरान भारतीय चालक स्मित मछार पर लोगों की जान बचाने के दौरान हमला करने से वह गंभीर रूप से घायल हैं। भारतीय पायलट को बचाने के लिए जहां फ्लाईदुबई के अधिकारी लगे हुए हैं वहीं दूसरी ओर उनकी अच्छी सेहत के लिए लोग कामना भी कर रहे हैं।
वहीं देर शाम वाराणसी में गंगा द्वार, नमो घाट और दशाश्वमेध घाट स्थित गंगा आरती स्थलों पर भी भारतीय पायलट के जल्द स्वस्थ होने की कामना गंगा आरती के दौरान की गई। इस दौरान परंपरागत आरती की गई और जख्मी भारतीय पायलट स्मित मछार की फाेटो के साथ लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। इस दौरान बटुकों ने गंगा आरती की और मां गंगा से जख्मी भारतीय पायलट के जल्द ही स्वस्थ होकर काम शुरू करने की कामना की।
कैप्टन के साहस को नमन, दशाश्वमेध घाट की गंगा आरती समर्पित - हनुमान यादव
दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि की विश्व प्रसिद्ध दैनिक गंगा आरती बुधवार को भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को समर्पित रही, गंगा सेवा निधि ट्रस्ट के सचिव हनुमान यादव ने कहा कि कैप्टन ने कल जो कारनामा दिखाया, पूरी दुनिया ने देखा, वो सिर्फ पायलट नहीं, वीर जवान भी हैं। अपनी कुशलता और समझदारी से उन्होंने कितने लोगों की जान बचाई, इसके लिए पूरा भारत उनका आभारी है, उन्होंने बताया कि आरती के दौरान माँ गंगा और बाबा विश्वनाथ से कैप्टन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की विशेष कामना की गई। पूरा देश उनके परिवार के साथ खड़ा है, घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने भी पायलट साहब के जल्द ठीक होने के लिए प्रार्थना की।
