National Online Carrom में प्रशांत मोरे व देवजी तामुली विजेता, ऑल इंडिया कैरम फेडरेशन की फेसबुक प्रतियोगिता
इंडोर खेल कैरम को संसार के समस्त कैरम प्रेमियों तक पहुंचाने और उन्हेंं खेल से जोडऩे के लिए ऑल इंडिया कैरम फेडरेशन ने फेसबुक पर ऑनलाइन कैरम प्रतियोगिता का अनूठा प्रयोग किया।
वाराणसी, जेएनएन। कोरोना के कारण देश में खेल गतिविधियां ठप हैं। ऐसे में लोकप्रिय इंडोर खेल कैरम को संसार के समस्त कैरम प्रेमियों तक पहुंचाने और उन्हेंं खेल से जोडऩे के लिए ऑल इंडिया कैरम फेडरेशन ने फेसबुक पर ऑनलाइन कैरम प्रतियोगिता का अनूठा प्रयोग किया।
इसके तहत कई प्रदेशों में राज्यस्तरीय ऑनलाइन स्टे होम प्रतियोगिता के अलावा देश के टॉप रैंकिंग में से 5 पुरुष व महिला खिलाडिय़ों को 11-12 मई को फेसबुक पर आकर अपने खेल को समस्त दुनिया को लाइव दिखाने का मौका दिया गया। 50 मिनट में खिलाडियों को ब्रेक मारकर वाइट कैरम मैन व क्वीन को पॉकेट करना था। मिस करने पर फिर से ब्रेक मारना था। इसमें जितना कैरममैन पॉकेट हुआ उतने अंक मिलते थे और स्लैम पर 20 बोनस अंक था। इस प्रतियोगिता में विश्व चैंपियन प्रशांत मोरे ने 3 स्लैम के साथ 260 अंक प्राप्त कर पुरुषों में पहला स्थान पाया। वहीं देबजानी तामुली एक स्लैम संग 217 अंक पाकर महिलाओं में शीर्ष पर रहीं।
पुरुष खिलाडिय़ों में संदीप दिवे (207 अंक) और विकास धारिया (221 अंक) ने दो-दो स्लैम बनाए, जबकि पूर्व विश्व चैंपियन योगेश परदेशी (126 अंक) ने एक स्लैम बनाया। अभिजीत टिपणकर पांचवें खिलाड़ी थे और उन्होंने 94 अंक बनाए। उधर, अन्य महिला खिलाडिय़ों में दो बार की विश्व चैंपियन रश्मि कुमारी (186 अंक) और आइशा साजिद (171 अंक) ने एक-एक स्लैम बनाया। खुशबू रानी 114 व काजल ने 112 अंक बनाए।
एआइसीएफ महासचिव भारती नारायण ने इंटरनेशनल कैरम फेडरेशन (आइसीएफ) के अध्यक्ष जोसेफ मेयर और एआइसीएफ के अध्यक्ष रकीबुल हुसैन को खिलाडिय़ों के उत्साहवर्धन के लिए तथा एआइसीएफ के संरक्षक गिरीश व्यास व सीनियर वाइस प्रेसीडेंट बैजनाथ सिंह ने आइसीएफ के महासचिव वीडी नारायण को मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद दिया। महासचिव भारती नारायण ने कहाकि युवा खिलाडिय़ों के लिए आयोजन प्रेरक होगा। प्रतियोगिता के जज अरुण केदार और महेश सेखरी को सफलतापूर्वक प्रतियोगिता कराने के लिए शुक्रिया अदा किया। कैरम निर्माण कंपनी ने खिलाडिय़ों को प्रत्येक स्लैम के लिए 5000 रुपये इनामी राशि देने का एलान किया। यह जानकारी ऑल इंडिया कैरम फेडरेशन मीडिया सेल के सदस्य रणबीर सिंह ने दी।