'रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे' का नारा भी कार्यरूप में पूरा होने जा रहा है : स्वतंत्र देव सिंह
एक दिवसीय दौरे पर गुरुवार को वाराणसी पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में किया दर्शन पूजन किया।
वाराणसी, जेएनएन। एक दिवसीय दौरे पर गुरुवार को वाराणसी पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बाबा श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर में किया दर्शन पूजन किया। इसके बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि रामतीर्थ ट्रस्ट के साथ ही राम मंदिर के मुद्दे पर सभी राजनीतिक दलों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ा होना चाहिए। वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के आगमन पर युवा कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने करोड़ों राम भक्तों की दशकों की अपेक्षा को पूरा किया है। राम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण का रास्ता प्रशस्त कर दिया है इससे स्पष्ट है कि राम हमारे आराध्य हैं और मंदिर निर्माण का संकल्प जो हमने लिया था उसे समय आया तो पूरा कर दिया। मंदिर निर्माण की प्रक्रिया शुरू हो गई है और ट्रस्ट का गठन हो गया है। जल्दी ही सभी पदाधिकारी और सदस्य मिलकर निर्माण कार्य शुरू करने के संबंध में अगली रणनीति तैयार करेंगे। कहा कि ट्रस्ट की घोषणा होने के बाद गांव-गांव में लोगों के मन में खुशी है । क्योंकि भारत के लाखों गांवों से कार सेवा के लिए लोग शामिल हुए थे । मंदिर निर्माण के लिए अपना सहयोग दिया था। उन सभी की मंशा पूरी हुई है। हमारा भी नारा कार्यरूप में पूरा होने जा रहा कि 'रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे'। वहीं उत्तर प्रदेश में पीएफआइ के आरोपितों के बड़े पैमाने पर पकड़े जाने के प्रश्न पर भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह मोदी और योगी की जीरो टॉलरेंस की कार्रवाई का नतीजा है। जो भी देश विरोधी और अराजकता फैलाने वाला कार्य करेगा उसके साथ सख्ती से निपटा जाएगा।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओ और छात्र संगठनों ने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह का मैदागिन पर नारों और फूल मालाओं के साथ स्वागत किया। इससे पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतन्त्र देव सिंह भोर में काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। उसके बाद बाबा विश्वनाथ का दर्शन कर सोनभद्र में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के सिलसिले में रवाना हो गए। वाराणसी में उनका स्वागत करने में मुख्य रूप से अमित पटेल रिंकू, महेश चंद्र श्रीवास्तव, विद्यासागर रॉय, हंसराज विश्वकर्मा, शुभम कुमार सेठ, अनित पटेल, शशि रॉय, मतीन्द्र पांडेय सहित बहुत से कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मीरजापुर में हुआ स्वागत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह वाराणसी से होते हुए दोपहर में अदलहाट, अहरौरा और नारायणपुर से गुजरे तो कार्यकर्ताओं ने उनका जगह जगह स्वागत किया। इस दौरान फत्तेपुर टोलप्लाजा के पास प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिह का भाजपाजनों ने स्वागत करते हुए उनको फूल और मालाओं से लाद दिया। मीरजापुर होते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सोनभद्र जाएंगे जहां सीएए जागरुकता को लेकर भाजपा के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा वह पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों संग संवाद भी करेंगे।