अपहरण व हत्या की आशंका पर छापेमारी, महिलाओं की पिटाई कर जमीन में शव की आशंका जताकर की खोदाई Varanasi news
सेवापुरी में कपसेठी थाना क्षेत्र के निमनी गांव में गुरुवार की देर रात पुलिस टीम ने श्रीकुमार राम के मकान पर छापेमारी की।
वाराणसी, जेएनएन। सेवापुरी में कपसेठी थाना क्षेत्र के निमनी गांव में गुरुवार की देर रात पुलिस टीम ने श्रीकुमार राम के मकान पर छापेमारी की। इस दौरान महिलाओं की पिटाई कर कमरे में लगभग पांच फीट खुदाई की और श्रीकुमार राम को टीम ने हिरासत में ले लिया। इस घटना के बाद से ही परिवार की महिलाएं घर छोड़कर फरार हो गयी हैं।
बताया जाता है कि जंसा थाना क्षेत्र के बरनी गांव निवासी दुबरी राम वनवासी 60 वर्ष गत 12 अप्रैल को सिंडीकेट बैंक जंसा से पैसा निकालने गए थे। जहां से पैसा निकालने के बाद वह गायब हो गए और आज तक वापस घर नहीं लौटे। इस मामले में पत्नी शामा देवी की तहरीर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर जंसा में अपहरण कर हत्या की आशंका का मुकदमा दर्ज किया गया है। इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने असलियत की जानकारी के लिए पुलिस टीम गठित की है।
पुलिस टीम गुरुवार को देर रात गांव में चंदन राम के घर पर छापामारी की उसकी पत्नी पूनम देवी (25) और मां सरस्वती देवी (55) की पिटाई करने के बाद एक कमरे में पुलिस ने खोदाई भी की मगर वहां से कुछ नहीं मिला। पुलिस टीम के साथ ही कपसेठी की पुलिस भी थी। श्यामा देवी के अनुसार पैसा निकालते वक्त निमनी गांव का चंदन राम भी साथ था। जंसा पुलिस के अनुसार चंदनराम के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। वह शातिर अपराधी बताया जाता है। जबकि दुबरी वनवासी किसान था और उसने किसान क्रेडिट कार्ड पर पैसा भी निकाला था। वहीं पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।