वाराणसी में आकाशीय बिजली का कहर, मकान की दीवार में आई दरार, पुलिस ने लिया जायजा
वाराणसी में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दशाश्वमेध क्षेत्र के पास एक मकान की दीवार में दरार आ ...और पढ़ें
HighLights
बारिश में आकाशीय बिजली गिरने से मकान की दीवार में दरार।
दशाश्वमेध क्षेत्र में घटना, पुलिस ने मौके का जायजा लिया।
कोई जनहानि नहीं, पर स्थानीय निवासियों में चिंता का माहौल।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। गुरुवार दोपहर बारिश के दौरान आकाशीय बिजली की तेज तड़तड़ाहट के बाद दशाश्वमेध क्षेत्र के पास एक मकान की दीवार में दरार आने से हड़कंप मच गया। मकान में दरार की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। वहीं जानकारी होने के बाद पुलिस ने भी मौके की स्थिति का जायजा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही दशाश्वमेध चौकी प्रभारी अनुज मणि तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली और मकान में आई दरार का निरीक्षण किया। हालांकि छत के ऊपरी हिस्से में वज्रपात की वजह से बाकी का हिस्सा सुरक्षित बताया गया है।

मकान मालिक शशि यादव भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने मकान का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मकान के निचले हिस्से में हल्की दरारें दिखाई दी हैं। अचानक बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मकान के बाहर जुटने के बाद उन्हें घटना की जानकारी हुई। शशि यादव के मुताबिक, आकाशीय बिजली की तड़तड़ाहट के बाद पहली बार इस तरह की स्थिति देखने को मिली है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी तरह की अनहोनी नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने की आवाज सुनकर वे बाहर आए और देखा कि मकान की दीवार में दरारें आ गई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। लोगों को बारिश के दौरान सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह भी दी।

इस घटना ने स्थानीय निवासियों में चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि इस तरह की प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सुरक्षा के उपाय क्या होने चाहिए। इस घटना ने एक बार फिर से प्राकृतिक आपदाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता को उजागर किया है।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम की स्थिति पर ध्यान दें और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में सतर्क रहें। इस प्रकार की घटनाएं हमें यह याद दिलाती हैं कि प्राकृतिक आपदाएं कभी भी हो सकती हैं और हमें हमेशा तैयार रहना चाहिए।
