मीरजापुर के चुनार बने अस्थायी जेल से फरार हुए एक बंदी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
मीरजापुर चुनार स्थित राजकीय पालिटेक्निक कालेज में बने अस्थायी जेल से फरार हुए एक बंदी को जिगना पुलिस ने बरबटा पहाड़ी के पास से गुरुवार की देर शाम गिरफ्तार कर लिया।
मीरजापुर, जेएनएन। चुनार स्थित राजकीय पालिटेक्निक कालेज में बने अस्थायी जेल से फरार हुए एक बंदी को जिगना पुलिस ने बरबटा पहाड़ी के पास से गुरुवार की देर शाम गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि वाहन चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार बंदी के पास से एक तमंचा, कारतूस व चोरी की गई बाइक बरामद की गई है। घायल बदमाश को विंध्याचल के सरोई चिकित्सालय ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक डा. धर्मवीर सिंह, एएसपी नगर संजय वर्मा व सीओ नगर सुधीर कुमार पहुंच गए।
चुनार में बनाए गए अस्थायी जेल से गुरुवार की भोर खिड़की का सरिया काटकर दो बंदी सतीश शुक्ला व आशीष ङ्क्षबद फरार हो गए थे जिसकी तलाश जिलेभर की पुलिस कर रही थी। शाम चार बजे जिगना थाने की पुलिस बरबटा चौराहे के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान आशीष बिंद बाइक लेकर आते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने पीछा किया को आशीष ने तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस ने भी फायरिंग की तो उसके दाहिने पैर में गोली जा लगी जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने आरोपित को दबोचते हुए तमंचा कब्जे में लिया हालांकि अभी दूसरा आरोपित पुलिस की पकड़ से बाहर है।
फरार हुए बंदी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बरबटा पहाड़ी से गिरफ्तार किया
अस्थायी जेल से फरार हुए बंदी को जिगना पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बरबटा पहाड़ी से गिरफ्तार कर लिया है। उसके पैर में गोली लगने के कारण घायल हो गया था इसलिए उसे पीएचसी सरोई में भर्ती कराया गया है। दूसरे बंदी की तलाश की जा रही है।
- डा. धर्मवीर सिंह पुलिस अधीक्षक।
अस्थायी जेल से भागे बंदियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित
पुलिस अधीक्षक डा. धर्मवीर सिंह ने चुनार के अस्थायी जेल से फरार हुए दो बंदियों पर 25-25 रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस को जल्द से जल्द उन्हें गिरफ्तार कर दोबारा सलाखों के पीछे भेजने का निर्देश दिया है। बताया कि सुरक्षा में लगे पुलिस कर्मियों की तहरीर पर इनके खिलाफ चुनार कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की पहचान के लिए बताया कि सतीश शुक्ला (26) पुत्र लक्ष्मीनारायण शुक्ला निवासी सोनाहौरी थाना सोलंगी जनपद रीवा मध्य प्रदेश के पूरे शरीर पर टैटू गुदा हुआ है। सीने पर मर्द लिखा है। इकहरी शरीर है। इसी प्रकार आशीष बिंद पुत्र रामप्रकाश बिंद निवासी बेलवां थाना मांडा जनपद प्रयागराज इकहरी शरीर का है। इसकी उम्र 26 साल है। इसके पैर पर चोट के निशान हैं और कान चीरा हुआ है। इन अपराधियों की सूचना देने वालों को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।