सीआरपीएफ के साथ पुलिस ने सोनभद्र के सीमावर्ती इलाकों में जंगलों को खंगाला
सावन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिहार झारखंड छत्तीसगढ़ व मध्यप्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
सोनभद्र, जेएनएन। सावन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ व मध्यप्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इन राज्यों से लगे जंगलों व गांवों में पुलिस लगातार कांबिंग कर रही है। पन्नूगंज पुलिस ने बुधवार को बिहार सीमा से लगे जंगलों को खंगाला और ग्रामीणों से उनकी समस्याएं जानी।
पन्नूगंज प्रभारी निरीक्षक सीपी पांडे की अगुवाई में सिलहट में कैंप कर रहे केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों के साथ सिविल पुलिस सुबह साढ़े छह बजे जंगलों को खंगाला। पूर्व में नक्सल प्रभावित रहे सिंरसी, कूदर, कठार व नेवारी के जंगलों में कांबिंग के दौरान मिलने वाले चरवाहों व ग्रामीणों से संदिग्ध लोगों के विचरण की जानकारी ली। इस दौरान पुलिस ने संदिग्धों के देखे जाने पर तत्काल सूचना दिए जाने की अपील की। पुलिस ने सिरंसी, कूदर, कठार व नेवारी गांव में ग्रामीणों से मिलकर उनकी समस्या जानी। बताया गया कि बरसात में भूमि विवाद के मामले बढ़ जाते हैं। ऐसी स्थिति में ग्रामीण विवाद की जानकारी संबंधित थानों को जरूर दें ताकि राजस्व अधिकारियों व कर्मियों के सहयोग से उन प्रकरणों का तत्काल निस्तारण किया जा सके। पुलिस ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुनने के बाद संबंधित विभाग को इसकी जानकारी देकर मामले के निस्तारण का जल्द भी वायदा किया।