विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में सैकड़ों सोलर वेंडरों को करोड़ों का चूना, फर्जी कंपन‍ियों ने योजना में की सेंधमारी

By Ashok Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 11 Sep 2026 01:05 PM (IST)

पीएम सूर्य घर योजना में सोलर संयंत्रों की बढ़ती मांग का फायदा उठाकर मुंबई की एक कंपनी ने वाराणसी सहित ...और पढ़ें

पीएम सूर्य घर योजना में फर्जी कंपनी ने सैकड़ों सोलर वेंडरों को लगाया करोड़ों का चूना।

पीएम सूर्य घर योजना में फर्जी कंपनी ने सैकड़ों सोलर वेंडरों को लगाया करोड़ों का चूना।

HighLights

  1. मुंबई की कंपनी ने पीएम सूर्य घर योजना में ठगी की।

  2. वाराणसी समेत देशभर के सैकड़ों सोलर वेंडर शिकार बने।

  3. सस्ते संयंत्र का झांसा देकर करोड़ों रुपये ऐंठे गए।

अशोक सिंह, जागरण, वाराणसी। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की सब्सिडी की वजह से सोलर संयंत्र की भारी मांग है। मांग की अधिकता और पिछले कुछ दिनों से वैश्विक उथल-पुथल की वजह से दाम बढ़ गए। इसी का फायदा उठाते हुए मुंबई की एक कंपनी ने वाराणसी समेत देश के कई वेंडरों से करोड़ों रुपया वसूल लिया। वेंडराें को न तो संयंत्र मिले न ही पैसा।

ग्लोबल इंटरप्राइजेज वाराणसी के प्रोपराइटर जेपी राय चौधरी जो पूर्व विधायक स्व. श्यामदेव राय चौधरी के परिवार से जुड़े हैं। जेपी राय ने बताया कि वह सोलर पैनल, इनवर्टर आदि के तीन दशक पुराने विक्रेता हैं। उनका आरोप है कि मुंबई की सनरूफ एनर्जी साल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड ने सोलर उपकरण बाजार भाव से कम मूल्य पर देने की बात कही।

इसके बाद मैंने 30 लाख रुपये दिए। एक सप्ताह बाद मुंबई से फोन आया कि ट्रक माल लेकर जाने को तैयार है लेकिन खाली है। इस कारण पूरी गाड़ी का माल ले लिजिए। आपको सस्ता पड़ेगा। हम आपकी बिक्री बढ़ाने में भी प्रमोशन करेंगे। जेपी राय ने उधार और आदि से धन जुटाकर चार किस्त में 91.51 लाख रुपये दिए। इसके बावजूद भी माल नहीं आया।

कंपनी के बारे में पता लगाया तो वह कई लोगों के साथ ठगी कर चुकी थी। पता चला कि सनरूप कंपनी सोलर संयंत्र का कोई मैटेरियल ही नहीं बेचती है। ठगी के यू-ट्यूब पर कई वीडियो प्रचारित हो रहे थे। इसके बाद जेपी राय सीधे कंपनी के मुंबई मलाड के पास इलाके में स्थित आफिस पहुंच गए। आफिस के कर्मचारियों ने कंपनी के मालिक, गोदाम, माल आदि के विषय में जानकारी देने से इंकार कर दिया।

इसके बाद वह बांगुरनगर पुलिस स्टेशन पहुंचे। वहां पहले से 12 लोग कंपनी के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने के लिए महीनों से चक्कर लगाते मिले। पीड़ितों का कहना है कि ठगी करने वाला इतना प्रभावशाली व्यक्ति है कि पुलिस एफआइआर करने को तैयार नहीं है। जेपी राय ने बताया कि एफआइआर तो दर्ज हो गई लेकिन ठगी करने वाला निर्वाध रूप से अपने धंधे को संचालित कर रहा है।

पीएम सूर्य घर साइट से लेता है नंबर

ठगी करने वाला पीएम सूर्य घर की वेवसाइट से सोलर वेंडरों का माेबाइल नंबर लेकर उनको फोन करता है। सस्ते में माल देने और प्रमोशन करने का झांसा देता है। बताया जाता है उसने वाराणसी के सात समेत बरेली, प्रयागराज, महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली आदि अलग-अलग स्थानों के सैकड़ों वेंडरों को ठग चुका है।