विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में पीएम नरेन्‍द्र मोदी अक्‍टूबर में देने जा रहे यह सौगात, रोपवे और अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम भी शाम‍िल

By abhishek sharma Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 30 Sep 2026 03:14 PM (GMT+05:30)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अक्टूबर में वाराणसी का दौरा करेंगे, जहां वे एयर शो में शामिल होंगे और काशी को कई ...और पढ़ें

वाराणसी में पीएम मोदी का अक्टूबर दौरा: एयर शो और विकास परियोजनाओं की सौगात।

वाराणसी में पीएम मोदी का अक्टूबर दौरा: एयर शो और विकास परियोजनाओं की सौगात।

HighLights

  1. प्रधानमंत्री मोदी अक्टूबर में वाराणसी में एयर शो में शामिल होंगे।

  2. गंजारी क्रिकेट स्टेडियम और रोपवे का लोकार्पण करेंगे पीएम मोदी।

  3. भारतीय वायुसेना का मेगा एयर शो गंगा नदी के ऊपर होगा आयोजित।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी अक्टूबर में एयर शो में भाग लेने के लिए अपनी संसदीय सीट वाराणसी आ रहे हैं। प्रशासन एक ओर एयर शो में लाखों लोगों के लिए व्‍यवस्‍था में जुटा हुआ है, वहीं दूसरी ओर प्रशासन लोकार्पण और शिलान्‍यास वाली योजनाओं को अंतिम रूप देने की तैयारी कर रहा है। इस संदर्भ में दीपावली के पूर्व काशी को कई महत्‍वपूर्ण योजनाओं की सौगात मिलने की संभावना है।

वहीं वाराणसी से लेकर चंदौली तक के आसमान में भारतीय वायुसेना अपने 94वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में मेगा एयर शो आयोजित करने जा रही है। यह हवाई प्रदर्शन 22, 23 और 25 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह पूरा आयोजन पवित्र गंगा नदी के ऊपर नमो घाट के ऊपर से होने वाला है। इस ऐतिहासिक आयोजन को देखने के लिए 20 से 30 लाख लोगों जुटान की उम्मीद है। 

जबक‍ि अक्टूबर में पीएम जब एयर शो में शाम‍िल होने आएंगे तो काशी को दो बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात म‍िल सकती है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी गंजारी क्रिकेट स्टेडियम और रोपवे का लोकार्पण कर सकते हैं। 25 अक्टूबर को पीएम मोदी के वाराणसी आने की संभावना है। काशी में एयर शो में भी प्रधानमंत्री के शामिल होने की सूचना के बाद से ही प्रशासन लोकार्पण और श‍िलान्‍यास की योजनाओं की जानकारी जुटा रहा था।

कैंट से गोदौलिया के बीच बन रहा पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे अंतिम चरण में है। सितंबर में रोपवे की भौतिक प्रगति 95 फीसद के करीब थी।। कैंट, काशी विद्यापीठ और रथयात्रा स्टेशन का काम लगभग पूरा हो चुका है। गोदौलिया स्टेशन पर अंतिम चरण के कार्य जारी हैं। यह रोपवे करीब 3.75 किलोमीटर लंबा है और इसमें पांच स्टेशन प्रस्तावित हैं। 2023 में प्रधानमंत्री मोदी ने ही इस रोपवे परियोजना की आधारशिला रखी थी।

वहीं इसका किराया भी जारी हो चुका है, ज‍िसके अनुसार कैंट से गोदौलिया तक 50 रुपये और स्मार्ट कार्ड या पास के साथ 40 रुपये किराया होगा। जबक‍ि कैंट रेलवे स्‍टेशन से से विद्यापीठ तक 10 रुपये और व‍िद्यापीठ से रथयात्रा तक मात्र आठ रुपये ही क‍िराया होगा। वहीं प्रीमियम गोंडोला की बुकिंग की दर को 2,000 रुपये के आसपास रखा गया है। हालांक‍ि इसमें वार्ष‍िक तौर पर कीमतों में इजाफा भी किया जाना प्रस्‍ताव‍ित है। 

गंजारी में बन रहे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का काम भी अंतिम चरण में है। जहां श‍िव के चंद्रमा के आकार में दर्शक दीर्घा है तो प्रेस गैलरी को डमरू के आकार में बनाया गया है जबक‍ि लाइटों को त्र‍िशूल के आकार में बनाया गया है। स्‍टेड‍ियम पूरा हो चुका है और प‍िच भी तैयार है। जबक‍ि बीसीसीआइ की ओर से कर्मचार‍ियों की तैनाती का दौर भी जल्‍द शुरू होना है। दरअसल आगामी आइपीएल सत्र में इस स्‍टेड‍ियम को भी कुछ महत्‍वूपर्ण मैच द‍िए जाने की जानकार‍ियां सामने आई हैं। 

रोपवे और क्र‍िकेट ग्राउंड सह‍ित दोनों बड़ी परियोजनाओं को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों ने निरीक्षण किया है। पीएम मोदी के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी के आगमन के साथ ही विकास की नई लहर देखने को मिलेगी, जो काशी के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। जबक‍ि यूपी में अगले छह माह में चुनाव होने हैं तो भाजपा के ल‍िए काशी की यह दोनो मेगा पर‍ियोजनाएं एक बड़ी उपलब्‍ध‍ि होंगी।