काशी में अरविंद मिल का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे लोकार्पण, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परखी तैयारियां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी के मिर्जामुराद स्थित अरविंद मिल की नई इकाई के उद्घाटन की तैयारियों का जायजा लिया। ...और पढ़ें

प्रधानमंत्री मोदी करेंगे अरविंद मिल वाराणसी का लोकार्पण, मुख्यमंत्री योगी ने परखीं तैयारियां।
HighLights
मुख्यमंत्री योगी ने अरविंद मिल की तैयारियों का जायजा लिया।
प्रधानमंत्री मोदी 25 अक्टूबर को करेंगे इकाई का लोकार्पण।
100 करोड़ निवेश, 1000 से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार।
जागरण संवाददाता, (मिर्जामुराद) वाराणसी। प्रधानमंत्री के हाथों लोकार्पण किए जाने वाले अरविंद मिल की नई इकाई का बुधवार को अपरान्ह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दौरा कर तैयारियां देखी। मिर्जामुराद के खोचवां गांव स्थित जनता इंटर कालेज के मैदान पर बने हेलीपैड पर मुख्यमंत्री का उड़न खटोला उतरा।इसके बाद सड़क मार्ग से मुख्यमंत्री एक किमी की दूरी तय कर अरविंद मिल पर पहुंचे और तैयारियां देखी।
मिर्जामुराद के रूपापुर चौराहा के निकट खोचवां (भड़ेहरा) गांव में हाईवे किनारे सात एकड़ से अधिक भूमि पर अरविंद मिल की नई इकाई स्थापित की गई हैं।इसमें कुल सौ करोड़ का निवेश प्रस्तावित हैं। इस इकाई में एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।कंपनी में कार्य करने वाली करीब तीन सौ महिलाओ को इस समय इकाई में प्रशिक्षण दिया जा रहा हैं।
काशी की इस नई इकाई में स्पोर्टस वियर, अंडर गारमेंट का उत्पादन होगा। भविष्य में इकाई में निवेश का द्रितीय चरण भी प्रस्तावित हैं। यह कंपनी देश मे प्रसिद्ध ब्रांड जाकी, यूएस पोलो, एरो पैंट-शर्ट, टी शर्ट, जींस आदि बनाती हैं। अरविंद मिल के इस नई इकाई का बीते 25 अप्रेल 2024 को भूमिपूजन हुआ था।
इस इकाई का लोकार्पण 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के हाथों होना है। प्रधानमंत्री कंपनी में कार्यरत नारी शक्ति से संवाद भी करेंगे। पीएम के आगमन के मद्देनजर अरविंद मिल के निकट हेलीपैड बनाने हेतु साफ-सफाई का काम शुरू हो गया हैं। कंपनी के अधिकारी आचार संहिता लगे रहने का हवाला देकर कुछ बताने से कतराते रहे।
वहीं जनता इंटर कालेज (खोचवां) के मैदान पर नवरात्र में मां दुर्गा का पंडाल बनता था, किंतु संभावित कार्यक्रम को देखते हुए इस बार प्रशासन द्वारा पंडाल निर्माण पर रोक दिया गया है। सुरक्षा के बाबत मुख्यमंत्री के आगमन पर सड़क मार्ग से जाते समय आसपास स्थित दुकानों को बंद करा दिया गया था। हेलीकाप्टर देखने हेतु ग्रामीणों की भीड़ जुट गई थी।
