विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में पीएम मोदी ने किया अरविंद मिल की नई इकाई का लोकार्पण, नारी शक्ति से की बातचीत

By Shailendra Singh PintooEdited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 25 Oct 2026 12:01 PM (IST)

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी के रूपापुर में अरविंद मिल की नई इकाई का लोकार्पण किया। यह इकाई 100 करोड़ ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. पीएम मोदी ने वाराणसी में अरविंद मिल की नई इकाई का लोकार्पण किया।

  2. 100 करोड़ के निवेश से 1000 महिलाओं को मिलेगा रोजगार।

  3. प्रधानमंत्री ने कंपनी की नारी शक्ति से सीधा संवाद किया।

जागरण संवाददाता, (मिर्जामुराद) वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को रूपापुर (खोचवां) के निकट हाईवे किनारे स्थापित अरविंद मिल की नई इकाई का लोकार्पण किया।प्रधानमंत्री ने कंपनी में कार्यरत नारी शक्ति से संवाद भी किया।

अरविंद मिल से कुछ दूरी पर बसमत्ती देवी संकठा प्रसाद महिला महाविद्यालय के निकट प्रधानमंत्री के हेलीकाप्टर को उतारने हेतु तीन हेलीपैड बनाया गया था। हेलीपैड पर उतरने के बाद पांच सौ मीटर की दूरी प्रधानमंत्री कार द्वारा तय कर कंपनी में पहुंचे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के लिए खोचवां गांव स्थित जनता इंटर कालेज के मैदान पर दो हेलीपैड बनाया गया था, किंतु दोनों लोग एक ही हेलीकाप्टर से पहुंचे।हेलीपैड से मिल तक बल्ली लगाकर बैरिकेडिंग कर दिया गया था।

मिर्जामुराद के रूपापुर चौराहा के निकट खोचवां (भड़ेहरा) गांव में हाईवे किनारे सात एकड़ की भूमि पर अरविंद मिल की नई इकाई स्थापित की गई हैं।इसमें कुल एक सौ करोड़ का निवेश प्रस्तावित हैं।इस इकाई में एक हजार महिलाओं को रोजगार मिलेगा।महिलाओं को परिवहन और आवासीय व्यवस्था भी मिलेंगी।

महिलाओं का पदनाम आपरेटर होगा। कंपनी में कार्य करने वाली करीब तीन सौ महिलाओ को इस समय इकाई में प्रशिक्षण दिया जा रहा हैं।काशी की इस नई इकाई में स्पोर्टस वियर, अंडर गारमेंट का उत्पादन होगा।कंपनी में तीन सौ मशीनें लग चुकी हैं।भविष्य में इकाई में निवेश का द्रितीय चरण भी प्रस्तावित हैं।

इस कंपनी के पास प्रसिद्ध ब्रांड एरो, टामी, हिलफिगर, केल्विन, क्लाइन का भी लाइसेंस हैं। अरविंद मिल के इस नई इकाई का बीते 25 अप्रेल 2024 को भूमिपूजन हुआ था।अरविंद मिल के आस-पास प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के फोटो युक्त बड़े-बड़े होर्डिंग लगाकर मिल को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा था।

हेलीकाप्टर देखते ही ग्रामीण दौड़े, लगाए जयकारे
प्रधानमंत्री के आगमन पर बने हेलीपैड पर भारतीय वायुसेना के हेलीकाप्टर को उतरते देख आस-पास के ग्रामीण दौड़ पड़े।ग्रामीण दूर खड़े होकर वंदे मातरम व भारत माता की जय के जयकारे लगाते रहे।कंपनी के अंदर आमजन को जाने पर पाबंदी रही।

मुख्यमंत्री व राज्यपाल एक ही हेलीकाप्टर से पहुंचे
खोचवां गांव स्थित जनता इंटर कालेज के मैदान पर बने हेलीपैड पर सुबह करीब साढ़े नौ बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का हेलीकाप्टर उतरा। दोनों लोग एक ही हेलीकाप्टर में रहे।

हाईवे के सर्विस रोड पर यातायात रहा बंद
प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर हाईवे के सर्विस रोड पर रूपापुर चौराहा से कछवांरोड की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात बंद रहा। सर्विस रोड के किनारे ढाबा, पंप व दुकानें भी बंद करा दी गई थी। प्रधानमंत्री के आगमन पर वाराणसी से प्रयागराज जाने वाले दक्षिणी लेन पर कुछ देर के लिए यातायात रोक दिया गया था।