पूर्वांचल में गुलाबी ठंड की आहट, कई जिलों में अभी से नजर आने लगा सुबह का कुहासा, जल्द कोहरे की भी बनेगी सूरत
पूर्वांचल में सितंबर के दूसरे पखवाड़े से गुलाबी ठंड की दस्तक शुरू हो गई है, कई जिलों में सुबह कुहासा ...और पढ़ें

पूर्वांचल में गुलाबी ठंड की आहट, वाराणसी सहित कई जिलों में सुबह का कुहासा।
HighLights
सितंबर के दूसरे पखवाड़े से गुलाबी ठंड की शुरुआत।
पूर्वांचल के कई जिलों में सुबह कुहासा छाने लगा है।
मध्य अक्टूबर तक ठंड बढ़ने, नवंबर से कोहरे की उम्मीद।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। सितंबर माह का दूसरा पखवारा शुरू होने के साथ ही कई जिलों में सुबह का मौसम बदला हुआ नजर आने लगा है। सुबह हल्की ठंड का असर भी है और दिन की धूप असर भी कर रही है। लेकिन कुल मिलाकर अब गुलाबी ठंडक की दस्तक होने लगी है। जल्द ही यह स्पष्ट नजर भी आने लगेगी।
फिलहाल अभी दो दिनों से कुछ क्षेत्रों में सुबह कुहासा छा रहा है जो धूप खिलने के बाद खत्म भी हो रहा रहा है। माना जा रहा है कि यह माह भर में अभी और सघन होकर कोहरे का रूप भी ले सकता है। दरअसल इस साल सूखे की आशंका को खत्म कर बादल भी खूब बरसे हैं। लिहाजा वातावरण के साथ जमीन में भी नमी है और धूप खिलने के बाद सुबह यह कुहासे सरीखा रूप लेकर वातावरण के बदलने का अब संकेत देने लगा है।
सर्वाधिक कुहासे की स्थिति बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों सहित निचले और नम क्षेत्रों में यह स्पष्ट होने लगा है। माना जा रहा है कि जल्द ही गुलाबी ठंडक पूरी तरह से प्रभावी होने लगेगी और बारिश खत्म होने के बाद पखवारे भर में दिन की धूप झेल रही धरती से कुहासा का असर सुबह परिलक्षित होने लगेगा।
सबसे पहले सोनभद्र, मऊ और बलिया सहित वाराणसी और गाजीपुर के आंचलिक और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुबह कुहासा नजर आने लगा है। हालांकि अभी यह कुछ ही देर तक प्रभावी हो रहा है। धूप होने के बाद यह गुम भी हो जा रहा है। लेकिन समय बीतने के साथ ही गुलाबी ठंडक का दौर मध्य अक्टूबर से पूरी तरह से प्रभावी दिखने लगेगा।
वहीं नवंबर मध्य से पूर्वांचल में कोहरे का असर शुरू हो जाएगा। माना जा रहा है कि इस बार बेहतर बारिश होने का असर वातावरण में आगामी दिनों में भी नजर आएगा। हालांकि माना जा रहा है कि अभी गुलाबी ठंड का शुरुआती ही दौर है। वहीं पूर्वांचल में अब घरों मे कूलर एसी बंद होने के बाद पंखे की गति भी धीमी होने लगी है।
इस पूरे सप्ताह मौसम विभाग ने अधिकतम पारा 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री तक का अनुमान जताया है जो आगामी दिनों में हर सप्ताह के साथ लगभग एक डिग्री तक कम होने का अनुमान है। इसी के साथ पारा 22 डिग्री न्यूनतम पहुंचने के साथ गुलाबी ठंडक अधिक परिलक्षित होने लगेगी।
