'जनता उठो, मस्जिद की हिफाजत करो' का बनारस में लगा पोस्टर, पुलिस ने शुरू की जांच
वाराणसी के लाट भैरव मंदिर के पास मस्जिद को लेकर लिखा एक विवादित पोस्टर मिला, जिससे श्रद्धालुओं में चर्चा का ...और पढ़ें

वाराणसी लाट भैरव मंदिर के पास विवादित पोस्टर मिलने से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी।
HighLights
लाट भैरव मंदिर में मिला विवादित पोस्टर।
पोस्टर पर लिखा था 'लाट भैरव मस्जिद की हिफाजत करो'।
आदमपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। शुक्रवार सुबह कज्जाकपुरा स्थित लाट भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान मंदिर के पीछे दीवार पर एक विवादित पोस्टर चिपका मिला। इस पोस्टर पर लिखा था, 'जनता उठो, मस्जिद की हिफाजत करो'। वहीं बताया गया कि मंदिर और मस्जिद की ओर जाने का एक ही रास्ता है और उधर की ओर ही विवादित पोस्टर लगाया गया है।
पोस्टर मिलने से श्रद्धालुओं के बीच चर्चा का विषय बन गया। एक श्रद्धालु, जो दर्शन के बाद भैरवी कूप पर पूजन के लिए गया था, उसी की नजर पहली बार पोस्टर पर पड़ी। उसी ने मंदिर प्रबंध समिति के सदस्यों को सूचित किया। आदमपुर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
इसके बाद लाट भैरव प्रबंधक समिति ने आदमपुर थाने को घटना की जानकारी दी। मंदिर क्षेत्र को संवेदनशील माना जाता है, और ऐसे में जुमे की नमाज के दौरान विवादित पोस्टर लगाए जाने को माहौल बिगाड़ने की कोशिश या शरारती तत्वों की करतूत के रूप में देखा जा रहा है।
पोस्टर में ऊपर की ओर से लिखा है लाट भैरव मस्जिद की हिफाजत करो। इसके साथ ही मस्जिद के हालात देख रहे हो? जैसे संवादों के साथ पोस्टर में एक तस्वीर भी है। कई जगहों पर यह पोस्टर देखे जाने के बाद से ही चर्चा का बाजार गर्म है।
हालांकि, पोस्टर किसने लगाया और इसके पीछे की मंशा क्या थी, यह जांच का विषय है। फिलहाल, कमिश्नरेट पुलिस ने मामले में किसी कार्रवाई की जानकारी नहीं दी है। वहीं क्षेत्र में लगे इस पोस्टर को लेकर तरह तरह की चर्चा होती रही।
