चंदौली के बलुआ गंगा घाट श्राद्ध करने गए लोगों की थाने में बंद कर पिटाई
बलुआ गंगा घाट पर शनिवार की रात श्राद्ध करने गए लोगों को बलुआ थाने में बंद कर पुलिस ने जमकर पिटाई कर दी।
चंदौली, जेएनएन। बलुआ गंगा घाट पर शनिवार की रात श्राद्ध करने गए लोगों को बलुआ थाने में बंद कर पुलिस ने जमकर पिटाई कर दी। इससे नाराज व्यापारियों ने थाने का घेराव किया। अपने को भाजपा नेता बताने वाले एक युवक ने थाने के पंखे से लटककर आत्महत्या करने का भी प्रयास किया। हालांकि किसी तरह समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया गया। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस ने थाने के फालोवर, कांस्टेबल गौरव सिंह, देवेंद्र सिंह व आधा दर्जन अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बलुआ निवासी राजेश साहनी के पिता का शनिवार को देहांत हो गया था। अंत्येष्ठी संस्कार में शामिल होने के लिए राजेश के बुआ के लड़के रामनगर निवासी सुक्खू बुलआ गंगा घाट आए थे। कार से परिवार के लोगों को लेकर रात में ही वापस रामनगर जा रहे थे। आरोप है कि नशे में चूर बलुआ थाने के फाओवर टुनटुन ने बलुआ कस्बे में बीच रास्ते बाइक खड़ीकर उनकी गाड़ी रोक दी। इसके बाद कार में बैठी महिलाओं के साथ अभद्रता करने लगा। इस पर सुक्खू ने विरोध जताते हुए उसे धक्का देकर दूर किया।
इसी बीच गश्त पर निकले पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मी बिना सच जाने सभी को कार समेत थाने ले आए। थाने में सुक्खू समेत महिलाओं की जमकर पिटाई कर दी। इसकी जानकारी होते ही व्यापारी उग्र हो गए और थाने पहुंच गए। वहीं रामनगर से भी काफी संख्या में लोग पहुंचे। पुलिस की पिटाई से कल्लू साहनी, बबलू साहनी, सोनी देवी व नगीना समेत चार लोग घायल हो गए। इसमें बबलू की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनका इलाज बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा है। सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने मौके पर पहुंचकर घटना के बारे में जानकारी ली।