वाराणसी में रक्षाबंधन पर पनीर 500 रुपये किलो, दूध के दाम में भी तेजी, चीनी तो पहले ही मिठास पर भारी है
रक्षाबंधन पर्व के कारण वाराणसी में दूध और उससे बने उत्पादों जैसे पनीर और खोवा की कीमतों में भारी उछाल ...और पढ़ें

वाराणसी में रक्षाबंधन पर दूध, पनीर और खोवा के दाम आसमान पर।
HighLights
रक्षाबंधन से वाराणसी में दूध उत्पादों के दाम बढ़े।
पनीर की कीमत 140 रुपये प्रति किलो तक बढ़ी।
खोवा के दाम में 100 रुपये प्रति किलो की वृद्धि।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। रक्षाबंधन पर्व पर दूध और इससे तैयार होने वाले उत्पादों की मांग बढ़ने से बाजार में इनके दाम तेजी से बढ़ गए हैं। घरों में पकवान और मिठाइयां बनाने के साथ त्योहार पर उपहार के लिए मिठाई की खरीद बढ़ने का असर दूध, पनीर और खोवा की कीमतों पर पड़ा है। पिछले एक सप्ताह में मांग बढ़ने के साथ कारोबारियों ने भी इनके दाम बढ़ा दिए हैं।
कबीर नगर क्षेत्र के मिष्ठान कारोबारी रोहित यादव ने बताया कि एक सप्ताह पहले पनीर 360 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, जो अब बढ़कर 500 रुपये किलो हो गया है। एक सप्ताह में पनीर के भाव में 140 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह खोवा भी 300 रुपये से बढ़कर 400 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। इसके भाव में भी 100 रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई है।
कारोबारियों के मुताबिक रक्षाबंधन पर्व को लेकर दूध की मांग में अचानक तेजी आई है। सावन के दौरान मंडी में दूध 90 से 95 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था। श्रद्धालुओं में मांग बढ़ने पर शनिवार, रविवार और सोमवार को इसका भाव 100 रुपये तक पहुंच गया था। अब रक्षाबंधन से पहले दूध 110 से 120 रुपये प्रति लीटर तक बिक रहा है। दूध महंगा होने का असर पनीर, खोवा और अन्य दुग्ध उत्पादों पर पड़ा है।
