जौनपुर में पंचायत चुनाव परिणाम : मतगणना के लिए18 ब्लाकों पर लगाए जाएंगे 26 टेबल, कोरोना से बचाव का होगा इंतजाम
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव की मतगणना सोमवार को ब्लाकों पर होगी। पांच प्रधान पांच बीडीसी व 380 ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए सुबह आठ बजे से मतगणना होगी।मतगणना जिले के 18 ब्लाकों पर होगी जहां 26 टेबल लगाए गए है।
जौनपुर, जेएनएन। ग्राम व क्षेत्र पंचायत के रिक्त पदों पर हुए उपचुनाव के मतों की गणना सोमवार को 18 ब्लाकों में होगी। पांच प्रधान, पांच बीडीसी व 380 ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए पड़े 60.24 फीसद मतों की सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगी। इसके लिए 26 टेबल लगाए गए हैं। कोरोना संक्रमण को देखते हुए गणनास्थल पर मास्क, सैनिटाइजर व फेस कवर की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त फोर्स भी मौजूद रहेगी।
जलालपुर, डोभी, सुजानगंज, सिरकोनी, रामनगर, करंजाकला, सिकरारा व बक्शा ब्लाक में एक से ज्यादा पदों पर चुनाव हुआ है। यहां गणना के लिए दो टेबल लगाए गए हैं। इसके अलावा अन्य ब्लाकों पर एक टेबल लगाए गए हैं। मतगणना में कुल 104 कर्मी की ड्यूटी लगी है। एक टेबल पर चार मतगणना कर्मी रहेंगे। इसमें पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय व तृतीय हैं। प्रत्याशी को ही एजेंट बनाया गया है, इसके अलावा अन्य कोई एजेंट नहीं है।
सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी
मतगणना को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सभी तैयारी पूरी हो गई है। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। ज्यादातर जगहों पर एक या दो टेबल लगे हैं। ऐसे में चार घंटे बाद ही परिणाम आ जाएंगे। मतगणना कर्मियों के लिए मास्क, सैनिटाइजर आदि उपलब्ध रहेगा। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस फोर्स तैनात रहेगी।
-राम प्रकाश, उप जिला निर्वाचन अधिकारी।
दोनों पक्षों से महिलाओं समेत 11 लोग हुए, एक रेफर : बक्शा थाना क्षेत्र के चुरावनपुर गांव में चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्षों में रविवार की शाम जमकर मारपीट हो गई। इस दौरान गोली चलने से एक पक्ष के युवक के कमर में गोली लगी। इसके साथ ही दोनों पक्षों से 11 लोग घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए सीएचसी नौपेड़वा ले जाया गया। उक्त गांव निवासी राम सिंह चौहान व रविंद्र चौहान के बीच पंचायत चुनाव को लेकर रंजिश चल रही है। दो बार मारपीट भी हो चुकी है। रविवार की शाम उसी रंजिश में दोनों पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्ष लाठी-डंडा लेकर एक दूसरे पर टूट पड़े। इसी दौरान एक पक्ष ने गोली चला दी। जो 30 वर्षीय श्रवण कुमार चौहान के कमर में लग गई। इसके साथ ही कृष्ण कुमार चौहान व रामसिंह भी घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के रविंद्र चौहान, समरजीत चौहान, राजेश चौहान, सूरज चौहान, सुखराम चौहान, जगदीश चौहान, मंजू देवी व इतवारी देवी घायल हो गई। थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की। दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लिया। गोली से घायल स्रवण को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।