वाराणसी में केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय ने की पदयात्रा और स्वच्छता अभियान की अगुवाई Varanasi news
महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत पदयात्रा अभियान का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने बुधवार को वाराणसी में किया।
वाराणसी, जेएनएन। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसदों को कम से कम पांच गांवों की डेढ़ सौ कार्यकर्ताओं के साथ एक माह तक पदयात्रा करने का लक्ष्य दिया है। इसी लक्ष्य को लेकर केंद्रीय मंत्री व चंदौली क्षेत्र के सांसद डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र के कपिलधारा से पदयात्रा की शुरुआत की। यात्रा की शुरुआत ही काफी विलंब से हुई। ऐसे में पदयात्रा कार यात्रा में तब्दील हो गई। आठ गांव से होकर गुजरने वाली यात्रा में सांसद डा. पांडेय 12 जगह कार से उतरे और जनता से मिलकर पदयात्रा का कोरम पूरा किया।
कपिलमुनि आश्रम स्थली कपिलधारा स्थित अहिलयाबाई होल्कर धर्मशाला से यात्रा का दोपहर 12 बजे शुभारंभ होना निर्धारित था। सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंच भी गए लेकिन मंत्री डा. पांडेय नहीं पहुंचे। एक बजे के करीब घोषणा हुई कि वह पास में ही एक कार्यकर्ता के निवास पर नहा रहे हैं। कार्यकर्ता इंतजार करते रहे और मंत्री जी पूजा कर दो बजे खाली हुए। आखिर कार्यकर्ताओं के इंतजार की घडिय़ां समाप्त हुई और करीब सवा दो बजे डा. पांडेय पदयात्रा शुभारंभ स्थल पहुंचे। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं के उत्साह में कोई कमी नहीं थी। सभी ने भारत माता की जै और महात्मा गांधी अमर रहे के नारे से उनका स्वागत किया। महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण के बाद कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत हुई। कार्यक्रम संयोजक क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनिल सिंह व मंत्री अनिल राजभर के प्रवक्ता पवन चौबे ने सभी का स्वागत और अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने यात्रा के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए उत्साहवर्धन किया। स्वागत और कार्यकर्ताओं को संबोधन के बाद मंत्री ने सभी को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने और दूसरों को प्रेरित करने का संकल्प दिलाया। इसके बाद करीब तीन बजे पदयात्रा की शुरुआत हुई। सभी पैदल ही कोटवां की तरफ बढ़े। रास्ते में लोगों ने उनका जगह-जगह माला फूल से स्वागत किया। करीब आधा किलोमीटर चलने के बाद मंत्री कार में बैठ गए और कोटवां तिराहे पहुंचे। वहां पर राजेंद्र पांडेय, शिवजी सिंह आदि ने स्वागत किया।
मंत्री ने करीब आधा दर्जन कार्यकर्ताओं को नाम से बुलाकर उनका हालचाल पूछा। वहां से करीब दो दर्जन कारों का कारवां कमौली के रास्ते पर घूम गया। राजापुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े के साथ यात्रा का स्वागत किया। लोगों ने मंत्री के साथ सेल्फी ली। वहां पानी और कीचड़ से भरी सड़क की हालत इतनी खराब थी कि पैदल चलना मुश्किल था। इसे स्वयं मंत्री ने महसूस किया। पार्टी कार्यकर्ता कैलाश साहनी और पांचू, राजभर को बुला कर कहा कि इस संबंध में डिटेल बना कर दें। इसका निस्तारण किया जाएगा। टूटी फूटी सड़कों से होते हुए कारवां कमौली तातेपुर पहुंचा। टूटी सड़कों से आजिज नागरिकों का सब्र मंत्री को देख कर कमौली मोड़ पर जबाब दे गया। जीमे यादव नामक ग्रामीण मंत्री की गाड़ी के सामने लेट गया। सुरक्षा कर्मियों ने उसे हटाया। जीमे का आरोप था कि करीब 10 वर्ष से सड़क टूटी है। उपर से दोनों तरफ खोदाई कर चलना मुश्किल कर दिया गया है।
सभी जनप्रतिनिधियों से मांग की गई लेकिन कुछ किलोमीटर की सड़क को ठीक नहीं किया गया। मंत्री ने आश्वासन दिया कि अगली बार आएंगे तो पिच और अच्छी सड़क पर ही आएंगे। मंत्री इसके बाद नेवादा गांव पहुंचे और वहां सभी ने भोजन किया। मंत्री के आने की सूचना पर करीब दो दर्जन महिलाएं बच्चों के साथ पहुंच गईं। उन्होंने मंत्री से आवास और पेंशन आदि की मांग की। मंत्री ने कमिश्नर से बात कर आवास की व्यवस्था करने को कहा। इसके बाद पदयात्रा बभनपुरा, चांदपुर, पंचरावं होते हुए जाल्हूपुर कच्चाबाबा मंदिर पहुंच कर शाम सवा सात बजे सम्पन्न हुई।