चौबेपुर में सोते समय वृद्ध की गला दबाकर हत्या, पुलिस के अनुसार जमीनी विवाद में हत्या की आशंका
चौबेपुर/चिरईगांव क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव निवासी रामजी यादव (65) की सोते समय गला दबाकर देर रात किसी समय हत्या कर दी गयी।
वाराणसी, जेएनएन। चौबेपुर क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव निवासी रामजी यादव उम्र (65) की सोते समय गला दबा कर हत्या कर दी गयी। रामजी यादव रोज की भांति घर से खाना खा कर घर से दो किलोमीटर दूर रमना गांव में स्थित अपनी पंम्पिंग मशीन पर सोने गये थे। जहां रात उनकी गला दबा कर हत्या दी गई। रामजी की पत्नी पहले ही मर चुकी हैं। सुबह होने पर घर के लोग जब रमना स्थित पाही पर पहुंचे, तो रामजी को मृत देखकर आवाक रह गए और चिखते चिल्लाते हुए रोने लगें। रामजी खेती किसानी से अपनी तीन लड़कियों और दो लड़को की शादी कर चुके हैं उनका बड़ा लड़का रामकृपाल यादव (45) व छोटा लड़का रामदयाल (40) दोनों अलग-अलग रहकर घर पर खेती किसानी ही करतें हैं। हत्या का कारण जमीन सम्बंधित विवाद बताया गया है।गाँव वालों ने बताया कि रामजी कुछ जमीन बेचकर अपने छोटे लड़के रामदयाल को पैसे दिए थे, जिसे लेकर बड़ा लड़का रामकृपाल पिता रामजी से पैसों को लेकर अक्सर विवाद करता रहता था। मिली जानकारी के अनुसार रामजी का छोटा लड़का रामदयाल अपने बड़े भाई रामकृपाल के ऊपर पिता की हत्या करनें का आरोप लगा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर चौबेपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे वहां उन्होंने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया हत्या जमीन के विवाद में होना प्रतीत हो रहा है अभी कुछ कहना मुश्किल है ,और तथ्य बताए जा रहे हैं। हत्यारों की गिरफ्तारी पुलिस जल्द करेगी।