बीएचयू के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर के पाठ्यक्रमों में ऑफलाइन मॉप-अप प्रवेश 28 सितंबर को
काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर में 28 सितंबर 2026 को विभिन्न बी.वोक. पाठ्यक्रमों के लिए ऑफलाइन मॉप-अप ...और पढ़ें

बीएचयू आरजीएससी में बी.वोक. पाठ्यक्रमों के लिए 28 सितंबर को ऑफलाइन मॉप-अप प्रवेश।
HighLights
बीएचयू आरजीएससी में 28 सितंबर 2026 को मॉप-अप प्रवेश।
विभिन्न बी.वोक. पाठ्यक्रमों में उपलब्ध सीटों पर दाखिला होगा।
पूर्व पंजीकृत अभ्यर्थी मूल दस्तावेजों संग व्यक्तिगत रूप से उपस्थित हों।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के राजीव गांधी दक्षिणी परिसर (आरजीएससी), बरकछा, मीरजापुर में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के विभिन्न बैचलर ऑफ वोकेशन (बी.वोक.) पाठ्यक्रमों में उपलब्ध सीटों पर ऑफलाइन मॉप-अप प्रवेश 28 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। यह प्रवेश प्रक्रिया प्रशासनिक भवन, राजीव गांधी दक्षिणी परिसर, बरकछा, मीरजापुर में प्रातः 10 बजे से शाम 4 बजे तक होगी।
ऑफलाइन मॉप-अप प्रवेश के अंतर्गत फैशन टेक्नोलॉजी एंड अपैरल डिजाइन, मॉडर्न ऑफिस मैनेजमेंट, फूड प्रोसेसिंग एंड मैनेजमेंट, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी, हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म मैनेजमेंट तथा रिटेल एंड लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट के बी.वोक. पाठ्यक्रमों में उपलब्ध सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा।
मॉप-अप राउंड में वे अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिन्होंने बीएचयू स्नातक प्रवेश के लिए पूर्व में पंजीकरण किया था, लेकिन वर्तमान में नियमित, स्पॉट अथवा ऑनलाइन मॉप-अप राउंड में कोई प्रवेश सीट प्राप्त नहीं की है। सीटों का आवंटन मेरिट, अभ्यर्थियों की वरीयता एवं आरक्षण नीति के आधार पर किया जाएगा। मॉप-अप राउंड में प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित स्थल पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
इच्छुक पात्र अभ्यर्थियों को 28 सितंबर को निर्धारित समय के भीतर प्रशासनिक भवन, राजीव गांधी दक्षिण परिसर, मिर्जापुर, बरकछा में उपस्थित होकर आवश्यक मूल दस्तावेजों एवं उनकी स्वप्रमाणित छायाप्रतियों के साथ प्रवेश प्रक्रिया में भाग लेना होगा। प्रवेश उपलब्ध सीटों तथा निर्धारित पात्रता मानदंडों की पूर्ति के अधीन होगा। केवल मॉप-अप प्रक्रिया में भाग लेना प्रवेश के अधिकार की गारंटी नहीं होगा।
प्रवेश प्रक्रिया काशी हिन्दू विश्वविद्यालय द्वारा बी.वोक. कार्यक्रम के लिए लागू नियमों, विनियमों एवं प्रवेश दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी। अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए मूल प्रमाण-पत्रों के साथ उनकी छायाप्रतियां भी लानी होंगी। प्रवेश के लिए चयनित अभ्यर्थियों को निर्धारित समय के भीतर आवश्यक प्रवेश औपचारिकताएं पूरी कर लागू शुल्क जमा करना होगा।
