चाइनीज मंझे का विरोध करते हुए सामाजिक संस्था सुबह ए बनारस ने छात्रों को दिलाया शपथ
मकर संक्रांति के आगमन से ही पूर्व आकाश में ऊंचे तक उड़ान भर रही पतंगों के साथ चाइनीज मंझे की खतरनाक उड़ान भी शुरू हो चुकी है।
वाराणसी, जेएनएन। मकर संक्रांति के आगमन से ही पूर्व आकाश में ऊंचे तक उड़ान भर रही पतंगों के साथ चाइनीज मंझे की खतरनाक उड़ान भी शुरू हो चुकी है। बीते दिनों भी मंझे से कई लोग चोटिल हो चुके हैं। अब बरसात थमने के बाद पतंगों की ऊंची उड़ान लोगों को जख्म भी देना शुरू कर देगी। इसी दुश्वारी को समझते हुए सामाजिक संस्था सुबह ए बनारस क्लब ने मंझे का बहिष्कार करने का अभियान शुरू किया है।
मंझों से लोगों की रक्षा के साथ ही परिंदों की सुरक्षित उड़ान तय करने के लिए शहर में सामाजिक संस्थाएं चाइनीज मंझे का बहिष्कार करने का अभियान चला रही हैं। इसी कड़ी में सामाजिक संस्था सुबह- ए-बनारस क्लब के बैनर तले मैदागिन स्थित श्री अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज में स्कूली छात्राओं ने विरोध किया। इसके साथ ही शपथ लेकर चाइनीज मंझों का बहिष्कार करने की शपथ ली। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन के साथ छात्र और संस्था के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं छात्रों को चाइनीज मंझे के नुकसान की भी जानकारी दी गई।