Coronavirus Update Azamgarh में 16 नए केस मिलने के बाद कोरोना संक्रमितों की संख्या पहुंची 141
Coronavirus Update Azamgarh में शुक्रवार को 16 मरीजों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने से प्रशासन के माथे पर बल पड़ गया है।
आजमगढ़, जेएनएन। जिले में 48 घंटे के अंतराल पर फिर कोरोना बम फूटा है। शुक्रवार को 16 मरीजों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने से प्रशासन के माथे पर बल पड़ गया है। इस वृद्धि के साथ ही जिले में काेरोना पॉजिटिव की कुल संख्या 141हो गई है। डीएम राजेश कुमार ने रिपोर्ट की पुष्टि करते हुए बताया कि कोरोना संक्रमण की जांच को भेजे गये नमूनों में से 134 जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें 16 पॉजिटिव एवं 118 व्यक्तियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
स्पष्ट किया कि 16 पॉजिटिव रिपोर्ट में तीन व्यक्ति पुनर्जी जहानागंज, एक सिंहपुर सरैया, तीन भानीपुर पवई, एक व्यक्ति अररा मोहम्मदपुर, एक सीएचसी जीयनपुर, दो बेलइसा अम्बारी, एक सदरपुर पवई, एक व्यक्ति माधोपुर कोयलसा, एक भरौली कोयलसा तथा दो व्यक्ति अहियाई, मोहम्मदपुर के हैं। वर्तमान में एक्टिव केस 113हो गए हैं। उधर जिला मंडलीय चिकित्सालय के सीनियर चिकित्सक सहित कुल 25 लोग कोरोना को मात दे चुके हैं।
बताया कि एल-1 एवं एल-3 अस्पताल में भर्ती सीएचसी मेंहनाजपुर के फार्मासिस्ट एवं एंबुलेंस चालक, लैब टेक्नीशियन सहित 65 कोरोना पाॅजिटिव मरीजों का द्वितीय सैंपल जांच के लिए गोरखपुर लैब में भेजा गया है। जिसमें से 47 मरीज को एल-1 अस्पताल (महामृत्यंज डेंटल काॅलेज, इटौरा) में भर्ती कराया गया है। 49 मरीज को एल-3 अस्पताल (पीजीआइ चक्रपानपुर) में आइसोलेट किया गया है। दो मरीजों को एल-1 अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया जा रहा है।
534 व्यक्ति अभी भी क्वारंटाइन
डीएम ने बताया कि कुल 34 क्वारंटाइन सेंटर हैं। जिसमें 267 व्यक्ति रुके हुए हैं। सभी में कम्युनिटी किचन की व्यवस्था संचालित है। 13 फैसिलिटी क्वारंटाइन सेंटर में 203 व्यक्ति, छह इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन में 33 व्यक्ति एवं 15 आश्रय स्थलों में 31 व्यक्तियों को क्वारंटाइन किया गया है।
आजमगढ़ में एक दिन पूर्व स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार राहत मिली थी। आंकड़ों के अनुसार 20 फीसद मरीज स्वस्थ होकर डिस्चार्ज हो चुके थे। जबकि एल-1 व एल-3 में आइसोलेट मरीजों का दूसरा सैंपल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेजा जा चुका है। अब नए केस मिलने के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है।