जन्म-मृत्यु के आंकड़े सीआरएस पोर्टल पर दर्ज नहीं कराने पर नगर निगम के अस्पतालों को नोटिस
जन्म-मृत्यु के आंकड़े सीआरएस (सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम) पोर्टल पर दर्ज नहीं कराने पर नगर निगम ने सौ से अधिक अस्पतालों को नोटिस दी है।
वाराणसी, जेएनएन। जन्म-मृत्यु के आंकड़े सीआरएस (सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम) पोर्टल पर दर्ज नहीं कराने पर नगर निगम ने सौ से अधिक अस्पतालों को नोटिस दी है। साथ ही निर्देश दिया है कि अब पोर्टल पर आंकड़ों को दर्ज कराए, जिससे उनके यहां होने वाले जन्म-मृत्यु की जानकारी नगर निगम के पंजीयन कार्यालय को हो सके।
एक फरवरी से पहले अस्पताल प्रबंधन द्वारा इसकी सूचना ई नगर सेवा पोर्टल के माध्यम से नगर निगम को दी जाती थी। अब सीआरएस पोर्टल पर पंजीयन होने के बाद अस्पतालों से सूचना आना बंद हो गया है। उधर, पोर्टल के धीरे चलने से पंजीयन का दबाव लगातार बढ़ रहा है। एक फरवरी से 15 फरवरी तक दो हजार से अधिक प्रमाणपत्र नहीं बन पाए हैं। इसे लेकर कार्यालय में आए दिन लोगों से नोंकझोक हो रही है। हालांकि दस फरवरी को नगर आयुक्त द्वारा तीन कम्प्यूटर और देने के बाद कुछ गति बढ़ी है लेकिन स्कूलों में नामांकन प्रक्रिया शुरू होने और एनआरसी सहित कई अन्य जरूरतों के लिए प्रमाणपत्र लेने वालों की संख्या बढऩे से स्थिति लगातार गंभीर हो रही है।
एक से दस फरवरी तक के पंजीयन के आंकड़े पोर्टल से गायब
सीआरएस पोर्टल पर दर्ज एक फरवरी से दस फरवरी तक के आंकड़े गायब हो गए है। अब दोबारा उसे फीड करना पड़ेगा। ऐसे में किसी तकनीकी गड़बड़ी के कारण अगर दर्ज आंकड़े गायब होते हैं तो उसे दोबारा पाने की कोई व्यवस्था पोर्टल पर नहीं उपलब्ध है। इसके सुधार के लिए महारजिस्ट्रार दिल्ली को लिखा गया है।