वाराणसी में भोजूबीर-पांडेयपुर, रामनगर और आशापुर मार्ग के लिए नगर निगम को एनओसी, शर्तों संग होगा काम
वाराणसी में मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (सीएम ग्रिड्स) योजना के तहत भोजूबीर-पांडेयपुर, रामनगर और आशापुर मार्गों के विकास को ...और पढ़ें

वाराणसी में सीएम ग्रिड्स योजना से तीन प्रमुख मार्गों का होगा विकास, पीडब्ल्यूडी ने दी एनओसी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। शहर की प्रमुख सड़कों को आधुनिक और सुगम बनाने के लिए चल रही मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (सीएम ग्रिड्स) योजना के तहत तीन महत्वपूर्ण मार्गों पर विकास कार्य का रास्ता साफ हो गया है। प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग ने इन मार्गों पर कार्य कराने के लिए नगर निगम को अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) जारी किया है।
इससे भोजूबीर-पांडेयपुर, रामनगर और आशापुर क्षेत्र की करीब 5.45 किलोमीटर सड़क के विकास का रास्ता खुल गया है। लोक निर्माण विभाग की ओर से जारी एनओसी के अनुसार भोजूबीर तिराहा-पांडेयपुर फ्लाईओवर तक करीब 2.35 किलोमीटर सड़क के विकास कार्य को मंजूरी दी गई है। इसी तरह शास्त्री मूर्ति-रामनगर किला-रामनगर चौराहा के करीब 950 मीटर मार्ग के लिए सशर्त स्वीकृति प्रदान की गई है।
वहीं आशापुर चौराहा-पंचकोशी चौराहा-वरुणा पुराना पुल तक करीब 2.15 किलोमीटर मार्ग के विकास के लिए भी एनओसी जारी की गई है। पीडब्ल्यूडी ने स्पष्ट किया है कि कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए। निर्माण एजेंसी को सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा। साथ ही मुख्य कैरेज-वे की मौजूदा चौड़ाई प्रभावित किए बिना ही विकास कार्य कराया जाएगा। सड़क निर्माण के दौरान विभागीय मानकों और तकनीकी शर्तों का भी अनुपालन करना होगा।
सीएम ग्रिड्स में चल रहे काम
सीएम ग्रिड्स के तहत शहर में चयनित सड़कों को व्यवस्थित ढंग से विकसित किया जा रहा है। योजना में सड़क के साथ फुटपाथ, जल निकासी, हरित क्षेत्र, यूटिलिटी डक्ट और यातायात सुविधाओं को बेहतर करने पर जोर है। अलग-अलग मार्गों पर कार्य की प्रगति के साथ संबंधित विभागों से एनओसी और समन्वय की प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।
