कोल्ड फ्रंट के आने से धूप के बाद भी ठंड से राहत नहीं, जानिए कैसा रहेगा आने वाले सप्ताह में मौसम का हाल
पूर्वांचल में एक दिन पूर्व कोल्ड फ्रंट का असर शुरू होने के बाद मौसम तो साफ हुआ मगर गलन में इजाफे ने पूर्वांचल को सुबह ही धूप निकलने के बाद भी कंपा रखा है।
वाराणसी, जेएनएन। पूर्वांचल में एक दिन पूर्व कोल्ड फ्रंट का असर शुरू होने के बाद मौसम तो साफ हुआ मगर गलन में इजाफे ने पूर्वांचल को सुबह ही धूप निकलने के बाद भी कंपा रखा है। कश्मीर से आने वाली ठंडी हवाओं ने पारा भी इस दौरान कम किया और गलन में इजाफे ने लोगों को और दुश्वारी दी। हालांकि 13 जनवरी से एक बार फिर मौसम का रुख बदलने का संकेत मौसम विभाग ने दिया है। बीते चौबीस घंटों में 10 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान और 17.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम पारा दर्ज किया गया। जबकि इस दौरान 95 फीसद अधिकतम आर्द्रता और 72 फीसद न्यूनतम आर्द्रता दर्ज की गई।
लगातार कई दिनों से बादल, बारिश के बाद एक दिन पूर्व शुक्रवार को धूप खिली तो ठंड से भी कुछ राहत मिली। हालांकि प्रति घंटे 18-20 किमी की रफ्तार से चली हवा ने धूप को बेअसर ही कर दिया। यही कारण है कि गलन बरकरार रही। वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। यह सब जम्मू-कश्मीर से आए कोल्ड फ्रंट के पूर्वांचल पहुंचने से हुआ। अब 13 जनवरी के बाद ही मौसम में बदलाव की संभावना है, जब वार्म फ्रंट यहां आएगा।
इससे पहले बुधवार को पूरे दिन एवं रात को हल्की बारिश के कारण आमजन जीवन अस्त-व्यस्त रहा। गुरुवार को भी पूरे दिन बादल से लोग परेशान रहे। नाम के लिए कभी-कभार धूप हुई, लेकिन वह बौनी ही साबित हुई। हालांकि शुक्रवार को सुबह 10 बजे के बाद ही रूक-रूक कर धूप निकलनी शुरू हो गई। इससे पहले आसमान में कोहरा छाया रहा। प्रसिद्ध मौसम विज्ञानी प्रो. एसएन पांडेय ने बताया कि काशी सहित पूरे पूर्वांचल में कोल्ड फ्रंट का असर बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि यह स्थिति अभी दो-तीन दिन ऐसे ही बनी रहेगी। शनिवार को कोहरा अधिक छाएगा, जिसके कारण ठंड और बढ़ सकती है। साथ ही तापमान में भी गिरावट होगी।
तारीख | अधिकतम | न्यूनतम |
01 जनवरी | 19.2 | 6.5 |
02 जनवरी | 23.6 | 10.1 |
03 जनवरी | 21.6 | 14.0 |
04 जनवरी | 17.4 | 14.0 |
05 जनवरी | 17.2 | 10.2 |
06 जनवरी | 21.8 | 10.0 |
07 जनवरी | 22.0 | 11.4 |
08 जनवरी | 15.8 | 11.6 |
09 जनवरी | 18.2 | 12.8 |
10 जनवरी | 17.5 | 10.0 |
ठंड से युवक की मौत
चंदौली में सकलडीहा कोतवाली के पौरा गांव निवासी छन्नू चौहान के ज्येष्ठ पुत्र प्रदीप कुमार (18) की शुक्रवार की रात ठंड लगने से मौत हो गई। अचानक तबियत बिगड़ने पर परिजन उसे वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर रात उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।