विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में विधान परिषद का चुनाव होने के कारण मतदान वाले द‍िन नहीं होगा एयर शो, वायुसेना के अधिकारी मंथन में जुटे

By Ashok Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 02 Oct 2026 01:24 PM (IST)

वाराणसी में 23 अक्टूबर को विधान परिषद चुनाव के कारण एयर शो की तारीख बदली गई है, अब यह 24 ...और पढ़ें

वाराणसी एयर शो की तारीख में बदलाव, विधान परिषद चुनाव के चलते अब 24 या 26 अक्टूबर को संभव।

वाराणसी एयर शो की तारीख में बदलाव, विधान परिषद चुनाव के चलते अब 24 या 26 अक्टूबर को संभव।

HighLights

  1. विधान परिषद चुनाव के कारण 23 अक्टूबर का एयर शो स्थगित।

  2. वायुसेना अब 24 या 26 अक्टूबर को आयोजन पर विचार कर रही।

  3. यातायात और सुरक्षा प्रबंधन के लिए प्रशासन की व्यापक तैयारी जारी।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी में एयर शो 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री को वायुसेना की तरफ से एयर शो में आमंत्रित किया गया है। हालांकि, 23 अक्टूबर को विधान परिषद का चुनाव होने के कारण अब एयर शो का आयोजन इस दिन नहीं होगा। वायुसेना के अधिकारियों ने 24 या 26 अक्टूबर में से किसी एक दिन एयर शो आयोजित करने पर विचार किया है।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि प्रधानमंत्री 24 अक्टूबर को काशी आ सकते हैं और एक सभा भी कर सकते हैं। इस संदर्भ में गुरुवार को पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने कई स्थानों का दौरा किया। अधिकारियों ने मिर्जामुराद में बन रही अरविंद मिल, जनता इंटर कालेज का मैदान, सद्गुरु अस्पताल, गंजारी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम आदि स्थानों का निरीक्षण किया।

नमो घाट पर प्रधानमंत्री और अन्य वीआईपी के रहने की संभावना को देखते हुए वायुसेना और जिला प्रशासन ने तैयारियों को तेज कर दिया है। नमो घाट के लिए वसंत महिला महाविद्यालय और राजघाट के अंदर से दो नए रास्ते बनाए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री, वीआईपी और भीड़ को देखते हुए नमो घाट पर आवागमन और सुरक्षा की दृष्टि से सुगम रास्ते की आवश्यकता थी।

गंगा में होने वाले एयर शो में सेना के विमानों का करतब देखने के लिए उमड़ने वाली भीड़ के बीच जमीन पर यातायात व्यवस्था पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती होगी। वीआईपी, पर्यटकों और स्थानीय दर्शकों के वाहनों का दबाव संभालने के लिए पुलिस ने पहले से ट्रैफिक प्लान बनाना शुरू कर दिया है।

एयर शो में उमड़ी भीड़ को सड़कों पर नियंत्रित करने में जिला प्रशासन, पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की अग्नि परीक्षा होगी। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्र ने बनारस से सटे चंदौली जिले के आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया और संभावित दबाव वाले मार्गों और पार्किंग स्थलों को चिह्नित किया।

एयर शो के दिन सबसे बड़ा सवाल यह होगा कि दर्शकों के वाहन कहां रोकें और वहां से उन्हें कार्यक्रम स्थल तक कैसे पहुंचाएं। पुलिस ऐसे स्थानों की तलाश कर रही है जहां बड़ी संख्या में वाहन खड़े किए जा सकें और मुख्य मार्ग पर जाम का दबाव न बढ़े।

इसके साथ ही पार्किंग से कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने के लिए अलग व्यवस्था पर भी विचार किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान प्रमुख सड़कों, संपर्क मार्गों, चौराहों और संभावित डायवर्जन प्वाइंट की स्थिति देखी जा रही है। अधिकारियों का जोर इस बात पर है कि कार्यक्रम स्थल की ओर वाहनों का दबाव एक साथ न पहुंचे।