राम मंदिर निर्माण के लिए आवश्यकता पड़ी तो बनाएंगे कानून : कलराज मिश्र
पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद कलराज मिश्र ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाबत कहा कि केंद्र में हमारी सरकार है और सरकार संविधान के अनुसार चलती है।
आजमगढ़, जेएनएन। पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद कलराज मिश्र ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाबत कहा कि केंद्र में हमारी सरकार है और सरकार संविधान के अनुसार चलती है। पार्टी के घोषणा पत्र के अनुसार राम निर्माण का निर्माण कराना हमारी प्रतिबद्धता है। पहले कानून, फिर आम सहमति से राम मंदिर बनाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। दावा किया कि आम सहमति बन भी रही है। यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ी तो कानून भी बनाएंगे।
भाजपा सांसद आजमगढ़ में प्रबुद्धजन सम्मेलन के बाद प्रेस-प्रतिनिधियों से वार्ता में यह बात कही। आरक्षण की बात पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने एससी, एसटी व ओबीसी के आरक्षण को बिना प्रभावित हुए सामान्य वर्ग के उन गरीबों के लिए 10 फीसद आरक्षण लागू किया है, वह भी संवैधानिक रूप से। सामान्य वर्ग के गरीबों के बारे में अब तक किसी सरकार ने नहीं सोचा था। इससे वर्ग व जाति के बीच में हीनभावना समाप्त हुई है। भाजपा के कुछ विधायकों द्वारा अमर्यादित बयान पर भाजपा सांसद ने कहा कि चाहे सत्ता पक्ष का हा या विपक्ष का, सभी को लोकतांत्रिक देश में मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर द्वारा भाजपा के खिलाफ समय-समय पर दिए जाने वाले बयान पर पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी एनडीए का घटक दल है। उनके बारे में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ही कुछ कह सकते हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में सपा-बसपा गठबंधन से टक्कर लेने के संबंध में उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाआें के क्रियान्वयन के बाद आमजन को कितना लाभ हुआ है, इसे पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता जन-जन को बताएंगे। जनता जानती है कि केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार से उन्हें कितना फायद हुआ है।