विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में सीवर में बोरा डालने वाले दोषियों की गिरफ्तारी में देरी पर कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष अजय राय ने जताया विरोध

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 21 Sep 2026 04:44 PM (IST)

उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने वाराणसी के शिवाला क्षेत्र में सीवर में बोरा मिलने के मामले में दोषियों ...और पढ़ें

HighLights

  1. अजय राय ने शिवाला में सीवर बोरा मामले का जायजा लिया।

  2. दोषियों की गिरफ्तारी में देरी पर सरकार से जवाब मांगा।

  3. सीसीटीवी फुटेज जांच कर दोषियों को पकड़ने की मांग की।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। शिवाला क्षेत्र में सीवर के अंदर बोरा मिलने के मामले में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने आज अग्रवाल रेडियो चौराहा, शिवाला पहुंचकर मौके की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय निवासियों से बातचीत की और सीवर, जलनिकासी तथा क्षेत्र की अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने सीवर में बोरा डालने के मामले में अब तक दोषियों की गिरफ्तारी न होने पर सरकार और प्रशासन से जवाब मांगा।

अजय राय ने कहा कि "नौ दिन बीत जाने के बाद भी सीवर में बोरा डालने वाले दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। डबल इंजन की सरकार को जनता के सामने सच्चाई लानी चाहिए। यदि सच्चाई सामने नहीं आई, तो हम प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय का घेराव करेंगे और जवाब मांगेंगे।" उन्होंने कहा कि जलकल विभाग की ओर से तहरीर दिए जाने के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। न तो दोषियों की पहचान हुई है और न ही इस मामले की सच्चाई जनता के सामने आई है।

राय ने सवाल उठाया कि "सरकार किस बात का इंतजार कर रही है? यदि वास्तव में जीरो टॉलरेंस की नीति है, तो नौ दिन बाद भी दोषियों को क्यों नहीं पकड़ा गया?" उन्होंने यह भी कहा कि घटना स्थल पर स्मार्ट सिटी के सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, जिनकी फुटेज चेक कर यह पता लगाया जा सकता है कि बोरा कौन लेकर आया और सीवर में किसने डाला।

उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह काशी की जनता को भ्रमित कर रही है। "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब भी काशी आते हैं, तो विकास कार्यों की घोषणाएं होती हैं, लेकिन काशी की जनता आज भी सीवर, जलभराव और गंदगी जैसी समस्याओं से जूझ रही है।" उन्होंने कहा कि "इतने वर्षों में हजारों करोड़ रुपये खर्च होने के बावजूद आम काशीवासी अपनी बुनियादी समस्याओं से कब मुक्त होगा?"

राय ने यह भी कहा कि "जब केंद्र, प्रदेश और नगर निगम—हर स्तर पर भाजपा की सरकार है, तो काशी की बदहाली के लिए जवाबदेही भी तय होनी चाहिए।" उन्होंने कहा कि "भाजपा सरकारें कागजों पर विकास की बड़ी-बड़ी घोषणाएं करती हैं, लेकिन काशी की गलियों में रहने वाला आम आदमी आज भी सीवर और जलभराव की समस्या से परेशान है।"

कैंट विधानसभा क्षेत्र में सीवर में बोरा मिलने की घटना पर राय ने कहा कि "यदि लंबे समय से एक ही परिवार का भाजपा का राजनीतिक प्रतिनिधित्व होने के बावजूद स्थानीय जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, तो जनप्रतिनिधियों को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।" उन्होंने कहा कि "भाजपा के पास केंद्र से लेकर नगर निगम तक सत्ता और संसाधन हैं। ऐसे में जनता के सवालों से बचने के बजाय उन्हें जवाब देना होगा कि सीवर व्यवस्था क्यों चरमराई हुई है।"

कांग्रेस इस मुद्दे को जनता की आवाज के रूप में उठाने का प्रयास कर रही है। राय ने निष्पक्ष जांच की मांग की और कहा कि "सीसीटीवी फुटेज की जांच कर दोषियों की पहचान की जाए और उन्हें गिरफ्तार किया जाए।" उन्होंने यह भी कहा कि "भाजपा अपनी नाकामी छिपाने के लिए काशी की जनता से झूठ बोल रही है।"

इस मौके पर अजय राय के साथ कई अन्य कांग्रेस नेता भी उपस्थित रहे, जिनमें सतनाम सिंह, अरुण सोनी, वकील अंसारी, चंचल शर्मा, प्रवीण प्रकाश, सुनील श्रीवास्तव, संतोष चौरसिया, मिथुन सरदार, प्रमोद वर्मा, गोपाल चौबे, सदानंद तिवारी, अफसर खान, आकाश त्रिपाठी, सैयद महफूज अली, श्याम विश्वकर्मा, राजेंद्र गुप्ता, इमाम रजा, प्रेमदत्त तिवारी, गुरु प्रसाद यादव, इम्तियाज अहमद, शशि सोनकर आदि शामिल थे।