वाराणसी में होगी भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक, 19 को आएंगे सीएम योगी आदित्यनाथ
भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक 18 व 19 सितंबर को काशी में आयोजित की जाएगी। बैठक का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। वह वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। वहीं समापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक 18 व 19 सितंबर को काशी में आयोजित की जाएगी। बैठक का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। वह वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। वहीं, समापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
इसके लिए उनका 19 सितंबर को बनारस आगमन हो रहा है। कार्यकारिणी बैठक के बाद अफसरों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक भी संभावित है। अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री संजय निर्मल ने गुरुवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि बड़ा लालपुर स्थित पंडित दीनदयाल हस्तकला संकुल (टीयफसी) में आगामी 18 सितंबर से प्रारंभ होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। शाम छह बजे वर्चुअल माध्यम से वह उपस्थित होंगे। समापन 19 सितंबर को शाम पांच बजे होगा। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। संजय निर्मल के अनुसार 18 सितंबर को सुबह नौ बजे से पंजीकरण का कार्य प्रारंभ होगा। सुबह 10 बजे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री व अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रभारी सीटी रवि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 18 सितंबर को ही शाम चार बजे कार्यक्रम स्थल पर पीएम नरेन्द्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबधित प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा। राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारी, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष व अनुसूचित जाति मोर्चा से जुडे केंद्रीय मंत्री, सांसद व प्रदेश सरकार के मंत्री भाग लेंगे।
राम सेतु बचाने के लिए हुआ था आंदोलन, गर्व है मुझे : रवींद्र जायसवाल
मंत्री रवींद्र जायसवाल गुरुवार को सर्किट हाउस में पत्रकारों से मुखातिब थे। इस दौरान उन्होंने दो टूक कहा कि राम सेतु को बचाने की खातिर किए गए आंदोलन के लिए मुझे गर्व है। इसमें मुझे कोई शॢमन्दगी नहीं है। श्रीराम का नाम लेने वालों पर विरोधियों की ओर से यह आरोपित किया गया मुकदमा है। इससे हर एक राम भक्त गर्व महसूस करता है। मंत्री ने बताया कि वर्ष 2007 में कांग्रेस की ओर से राम सेतु को तोडऩे की बात की जा रही थी। इसके विरोध में हम सभी रामभक्तों ने आंदोलन किया था जिसको लेकर मुकदमा दर्ज करा दिया गया था। मंत्री ने किसान आंदोलन को लेकर बताया कि पहले भू-माफिया, शिक्षा माफिया होते थे जो अब भाजपा सरकार में लापता हो गए हैं। अधिकतर जेल में हैं तो कुछ अंडरग्राउंड हो गए हैं। ऐसे ही कुछ ऐसे लोग भी हैं जो भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं जिनको भ्रम माफिया कहा जा सकता है। इनके चलते सीधे-साधे कुछ किसान गुमराह हो रहे हैं। बताया कि किसान आंदोलन विपक्षियों का भ्रमजाल है जिसे आगे बढ़ाने का असफल प्रयास हो रहा है।