पीएम किसान विरोधी, बनारस को किसान आंदोलन का केंद्र बनाएगी कांग्रेस : नाना पटोले
राजातालाब में आयोजित महापंचायत में जुटे किसानों की मौजूदगी में किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान विरोधी हैं।
वाराणसी, जेएनएन। कांग्रेस द्वारा राजातालाब में आयोजित महापंचायत में जुटे किसानों की मौजूदगी में किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान विरोधी हैं। कांग्रेस उनके संसदीय क्षेत्र बनारस को किसानों के आंदोलन का केंद्र बनाकर देश भर में मुहिम चलाएगी। किसान अब बेसहारा नहीं रहेंगे।
राजातालाब में किसान कांग्रेस की महापंचायत में ज्यादातर किसान ट्रांसपोर्ट नगर योजना और रिंग रोड फेज-2 से प्रभावित थे। मोहनसराय से प्रदेश संयोजक विनय शंकर राय मुन्ना किसानों के साथ जुलूस लेकर राजातालाब पहुंचे। रास्ते भर किसान शासन विरोधी नारे लगाते रहे। मुख्य अतिथि किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष नाना पटोले तय समय से काफी देर से शाम करीब चार बजे पहुंचे। तब तक काफी किसान जा चुके थे। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण कानून 2013 के उल्लंघन और किसानों पर दमनात्मक करवाई से साबित होता है कि प्रधानमंत्री को किसानों के हितों से कोई सरोकार नहीं है।
कांग्रेस बनारस को किसान आंदोलन का केंद्र बनाएगी। किसानों को अधिकार दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष होगा। किसान नेता विनय शंकर राय मुन्ना ने कहा कि किसानों के साथ भाजपा सरकार धोखा कर रही है। इसी वजह से तीन राज्यों में किसानों ने भाजपा को सत्ता से हटाया। 2019 लोकसभा चुनाव में भी किसानों की नाराजगी भाजपा को भारी पड़ेगी। प्रदेश सचिव श्वेता राय ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर एवं रिंग रोड की लड़ाई मातृ शक्ति के बल पर लड़ा जा रहा है। यह मातृशक्ति नरेंद्र मोदी सरकार को उखाड़ फेंकेगी। महापंचायत को पूर्व विधायक अजय राय, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम पांडेय, राष्ट्रीय संयोजक मुकेश बाबा, देवेंद्र पटेल, रामसुधार मिश्र, आरसी पांडेय, प्रजानाथ शर्मा, सतीश चौबे, संजय चौबे, मणींद्र मिश्रा ने संबोधित किया। संचालन नीरज पांडेय ने किया।
राम मंदिर तो कांग्रेस बनाएगी : जागरण से बातचीत में भाजपा के पूर्व सांसद और अब किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि राम मंदिर तो कांग्रेस ही बनाएगी। भाजपा तो केवल मुद्दा बनाकर वोट हासिल करना चाहती है। प्रधानमंत्री तो एक बार भी अयोध्या गए ही नहीं। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने ही रामलला के कपाट में लगे ताले खुलवाए थे।