डाला छठ के पूर्व नमामि गंगे ने की गंगा घाटों की सफाई, गंगा घाटों पर स्वच्छता की अलख
दशाश्वमेध प्रयाग व राजेंद्रप्रसाद घाट के गंगा तट की इस दौरान व्यपक स्तर पर साफ सफाई की गई। छठ पर्व पर व्रत और पूजा करने वाली महिलाओं ने स्वच्छता की अपील करते हुए इधर-उधर बिखरे कूड़े कचरे को एकत्रित कर कूड़ेदान तक पहुंचाया।
वाराणसी, जेएनएन। लोकमानस की आस्था के जुडे़ लोकपर्व सूर्य षष्ठी (डाला छठ) के पूर्व बृहस्पतिवार को नमामि गंगे एवं नव सृजन फाउंडेशन की महिला सदस्यों ने गंगा घाटों पर स्वच्छता अभियान चलाया। दशाश्वमेध, प्रयाग व राजेंद्रप्रसाद घाट के गंगा तट की इस दौरान व्यपक स्तर पर साफ सफाई की गई। छठ पर्व पर व्रत और पूजा करने वाली महिलाओं ने स्वच्छता की अपील करते हुए इधर-उधर बिखरे कूड़े कचरे को एकत्रित कर कूड़ेदान तक पहुंचाया। वहीं स्वच्छता के विषय पर आयोजित इस अभियान में अन्य लोग भी जुटे और मां गंगा के तट पर स्वच्छता अभियान में प्रतिभाग किया।
राष्ट्रध्वज तिरंगा लेकर कोरोनावायरस के प्रति सभी को इस दाैरान जागरुक किया गया। दो गज की दूरी चेहरे पर मास्क जरूरी, जब तक दवाई नहीं - तब तक ढिलाई नहीं का संदेश भी प्रसारित किया गया। साफ सफाई के बाद मां गंगा की आरती भी उतारी गई। संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि छठ महापर्व हमें स्वच्छता का संदेश देता है। भगवान भाष्कर की आराधना का पर्व पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को दोहराता है। डाला छठ पर्व पर की गई साफ-सफाई एवं भगवान सूर्य को दिया गया अर्घ्य हमें पर्यावरण संरक्षण की बात सिखाता है। आयोजन में प्रमुख रूप से नमामि गंगे के संयोजक राजेश शुक्ला, रामप्रकाश जायसवाल, शिवम अग्रहरि, सत्यम जयसवाल, नव सृजन फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रीति जायसवाल, रश्मि साहू, सीता साहू, स्वाति जायसवाल, रूपा जायसवाल, परी जायसवाल आदि ने भाग लिया ।