बलिया में पुलिया के नीचे मिला युवक का शव, पिता ने लगाया हत्या का आरोप
बलिया के बकुल्हा बैरिया थाना के मठधज्जू गिरि गांव में सोमवार की सुबह पुलिया के नीचे एक 32 वर्षीय युवक की हत्या कर फेंका गया शव मिलने से सनसनी फैल गई है।
बलिया, जेएनएन। बकुल्हा बैरिया थाना के मठधज्जू गिरि गांव में सोमवार की सुबह पुलिया के नीचे एक 32 वर्षीय युवक की हत्या कर फेंका गया शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मौके पर पहुंची बैरिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बलिया भेज दिया और छानबीन में जुट गई है।
मठ धज्जू गिरि निवासी मृतक मुन्ना राम के पिता बीरबल राम का कहना था कि उनका बेटा पंजाब में नौकरी करता था। रविवार की शाम आठ बजे के लगभग वह शोभाछपरा गांव में निमंत्रण में गया था। मगर रात में घर नहीं लौटा। सुबह जब मैं साइकिल से उसे खोजने निकला तो लक्ष्मणछपरा-मठधज्जू गिरि के बीच में पड़ने वाली पुलिया के नीचे उसका शव पड़ा था। उसके मुंह पर चोट के निशान थे। बीरबल राम ने अपने बेटे की हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है।
इस बारे में पूछे जाने पर अपर पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार यादव ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम के लिए शव को बलिया भेज दिया गया है। रिपोर्ट आ जाने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।